Air India Flight Technical Issue: शिकागो से दिल्ली आ रहा एअर इंडिया का एक विमान गुरुवार को दस घंटे से अधिक की उड़ान के बाद अमेरिकी शहर लौट गया। एअरलाइन ने कहा कि विमान को तकनीकी वजह से वापस लौटना पड़ा। हालांकि, मामले से अवगत एक सूत्र ने बताया कि विमान को वापस लौटना पड़ा, क्योंकि कई शौचालय जाम हो गए थे।
एअर इंडिया
10 घंटे से अधिक उड़ान के बाद लौटा विमान
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट 'फ्लाइटराडार24डॉटकॉम' पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह उड़ान बोइंग 777-337 ईआर विमान से संचालित की गई थी और दस घंटे से अधिक समय की उड़ान के बाद विमान शिकागो के ओआरडी हवाई अड्डे पर वापस गया।
सूत्र ने बताया कि एअर इंडिया द्वारा संचालित बोइंग 777-300 ईआर विमान में प्रथम श्रेणी के यात्रियों के लिए दो सहित कुल 10 शौचालय हैं और इसमें प्रथम, बिजनेस और इकॉनमी श्रेणी की सीट सहित 340 से अधिक सीट हैं। सूत्र ने समाचार एजेंसी 'पीटीआई' को यह भी कहा कि केवल एक शौचालय ही काम कर रहा था।
एअर इंडिया ने क्या कुछ कहा?
टिप्पणी के लिए संपर्क किए जाने पर एअर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा कि छह मार्च को शिकागो से दिल्ली की उड़ान एआई126 तकनीकी वजह के कारण शिकागो लौट गई। प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ''शिकागो में विमान के उतरने पर सभी यात्री और चालक दल सामान्य रूप से उससे उतरे और उनकी असुविधा को कम करने के लिए उनके ठहरने की व्यवस्था की गई। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।''
प्रवक्ता ने यह भी कहा कि यात्रियों को टिकट रद्द करने पर पूरी धनराशि वापस की जाएगी तथा यदि यात्री चाहें तो बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के यात्रा का पुनः निर्धारण किया जाएगा।
