Syria: सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल असद को अपदस्थ करने वाले पूर्व विद्रोही समूह के नेता को देश का अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त किया गया। सरकारी समाचार समिति सना के अनुसार सीरिया की नयी सरकार के सैन्य संचालन क्षेत्र के प्रवक्ता कर्नल हसन अब्दुल गनी ने देश के अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में अहमद अल-शरा की नियुक्ति की घोषणा की। अल-शरा इस्लामी पूर्व विद्रोही गुट हयात तहरीर अल-शाम (एचटीएस) के नेता हैं और इसी गुट ने पिछले महीने असद को सत्ता से बेदखल करने में मुख्य भूमिका निभाई थी। असद के पतन के बाद से एचटीएस सत्तारूढ़ पार्टी बन गई है और उसने एक अंतरिम सरकार का गठन किया है।
अंतरराष्ट्रीय मंचों पर शरा करेगा सीरिया का प्रतिनिधित्व
एएफपी के मुताबिक, सैन्य अधिकारी हसन अब्देल गनी ने बताया कि शरा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। सना मीडिया एजेंसी के मुताबिक, गनी ने कहा कि जब तक देश के लिए एक स्थायी संविधान का फैसला नहीं हो जाता, तब तक शरा को एक अस्थायी विधान परिषद बनाने का काम सौंपा गया है। सैन्य संचालन क्षेत्र के प्रवक्ता अब्देल गनी ने असद को सत्ता से हटाने में शामिल सभी सशस्त्र समूहों के साथ-साथ पूर्व सरकार की सेना और सुरक्षा एजेंसियों को भी भंग करने की घोषणा की। सना ने अब्देल गनी के हवाले से कहा कि सभी सैन्य गुटों और राजनीतिक और नागरिक क्रांतिकारी निकायों को भंग कर दिया गया है और राज्य संस्थानों में एकीकृत किया गया है।
