India-Afghanistan Flight Services: भारत और अफगानिस्तान के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए 'एरियाना अफगान एयरलाइंस' ने काबुल और नई दिल्ली के बीच दैनिक यात्री एवं कार्गो उड़ान सेवाएं शुरू कीं।
काबुल-दिल्ली के बीच शुरू हुईं दैनिक उड़ानें (फाइल फोटो)
रोजाना उड़ान भरेंगे विमान
पहले सीमित साप्ताहिक उड़ानें होती थीं, लेकिन अब इसे रोजाना सेवा में तब्दील कर दिया गया है। जिसका मतलब साफ है कि दिल्ली से काबुल के बीच अब रोजाना विमान उड़ान भरेंगे। माना जा रहा है कि इससे दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और आपसी संपर्क को नई गति मिलेगी।
एयरलाइन ने एक बयान जारी कर बताया कि उड़ानों के विस्तार का मकसद व्यापारियों और यात्रियों को सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। दैनिक उड़ानों से अफगान और भारतीय कारोबारी अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक अधिक आसानी से पहुंच सकेंगे और नए आर्थिक अवसरों का लाभ उठा पाएंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्यों फेल हो रहे ट्रंप के पैंतरे? ईरान से समझौते के हैं बेहद करीब तो कहां फंसा पेच; आखिर कब थमेगी जंग
पिछले साल इस रूट पर महज सप्ताहिक उड़ान संचालित होती थी, लेकिन बढ़ती मांग को देखते हुए अब इसकी संख्या बढ़ाकर सात उड़ान प्रति सप्ताह कर दी गई है। एयरलाइन का कहना है कि यह कदम अफगानिस्तान की आर्थिक बहाली और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है।
डिप्लोमैटिक बातचीत का दिखा असर
दैनिक उड़ान सेवाओं की शुरुआत नई दिल्ली और काबुल के बीच हाई-लेवल डिप्लोमैटिक और कमर्शियल बातचीत का सीधा नतीजा है। यह पहल नवंबर 2025 में अफगानिस्तान के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अलहाज नूरुद्दीन अजीजी के नेतृत्व में एक हाई-लेवल ट्रेड डेलीगेशन के सफल भारत दौरे के बाद हुई है।
अपने भारत दौरे के दौरान, अजीजी ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की अहम बैठक की थी। इस बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापारिक सहयोग बढ़ाने को लेकर कई अहम फैसले लिए गए थे।
