French Airports Evacuated: हमले की धमकियों के ईमेल के बाद बुधवार को फ्रांस के छह हवाई अड्डों को खाली करा लिया गया। हाल के दिनों में इसी तरह की धमकियों के सिलसिले में ये नया मामला है। एक पुलिस सूत्र ने एएफपी को बताया, पेरिस के पास लिली, ल्योन, नैनटेस, नीस, टूलूज और ब्यूवैस हवाई अड्डे को खाली कराए जाने से अधिकारियों को किसी भी संदेह को दूर करने में मदद मिलेगी कि खतरा कितना वास्तविक है।
आईएस आतंकी ने चाकू मारकर शिक्षक की हत्या की
7 अक्टूबर को इजराइल पर हमास के हमले और शुक्रवार को इस्लामिक स्टेट समूह से निष्ठा रखने वाले एक शख्स द्वारा उत्तरी शहर अर्रास में एक शिक्षक की चाकू मारकर हत्या करने के बाद फ्रांस में बम धमकियों के बाद ये नई घटना हुई है। फ्रांस के डीजीएसी विमानन प्राधिकरण के एक प्रवक्ता ने सिर्फ लिली, ल्योन, टूलूज और ब्यूवैस में बम की चेतावनी पर इसे खाली कराए जाने की पुष्टि की। डीजीएसी के ऑनलाइन डैशबोर्ड ने लिली, ल्योन और टूलूज को लेकर देरी भी दिखाई।
लावारिस सामान मिलने के बाद हुई जांच
नाइस एयरपोर्ट के ट्विटर अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा गया है कि एक लावारिस सामान मिलने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने जांच शुरू कर दी थी। स्थिति अब सामान्य हो गई है। ल्योन के ब्रॉन हवाई अड्डे के अधिकारियों ने भी कहा कि सब कुछ साफ कर दिया गया है। लिली में हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने कहा कि तीन उड़ानों को डायवर्ट किया गया है, जबकि इसके ट्विटर अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा गया है कि सुरक्षा बल घटनास्थल पर पहुंचे हैं। सोशल मीडिया पर यात्रियों में भ्रम की स्थिति रही। कई लोग साफ तौर पर इस बात से अनजान थे कि उन्हें हवाईअड्डों से बाहर क्यों निकाला जा रहा है।
