Nepal Bus Accident: नेपाल में एक भारतीय बस के नदी में गिरने से अबतक 27 लोगों की मौत हो चुकी है। ये सभी महाराष्ट्र के रहने वाले थे और नेपाल घूमने गए थे। नेपाल बस हादसे में 16 भारतीय लोग घायल भी हुए हैं। जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
नेपाल में भारतीय बस नदी में गिरी (फोटो- नेपाली आर्मी)
ये भी पढ़ें- हम बंद पर कोर्ट के आदेश से सहमत नहीं हैं - बोले उद्धव ठाकरे, शिंदे ने फैसले को बताया विपक्ष के गाल पर ‘तमाचा’
मर्स्यांगदी नदी में गिरी बस
नेपाल में शुक्रवार को एक भारतीय बस के राजमार्ग से पलटकर नीचे मर्स्यांगदी नदी में गिरने से महाराष्ट्र के जलगांव जिले के कम से कम 27 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की यह बस पोखरा से काठमांडू की ओर जा रही थी, तभी यह तनहुन जिले के आइना पहारा में राजमार्ग से पलट गई। बस में चालक और दो सहायकों समेत 43 लोग सवार थे।
कहां के रहने वाले हैं पीड़ित
एक सरकारी बयान के अनुसार, ये पीड़ित मुंबई से करीब 470 किलोमीटर दूर जलगांव जिले के वरणगांव, दरियापुर, तलवेल और भुसावल के थे। महाराष्ट्र सरकार ने केंद्र को पत्र लिखकर वहां से शवों और घायलों का वापस लाने के लिए भारतीय वायुसेना की विशेष उड़ान का प्रबंध करने का अनुरोध किया है। केंद्र सरकार को लिखे पत्र में महाराष्ट्र के आपदा प्रबंधन निदेशक लाहू माली ने कहा कि 24 अगस्त की शाम में शवों और घायल यात्रियों को गोरखपुर लाया जाएग, लेकिन उन्हें वाणिज्यिक विमान से वापस महाराष्ट्र लाना संभव नहीं है, इसलिए वायुसेना के विमान का प्रबंध किया जाए। पत्र में कहा गया है कि राज्य सरकार गोरखपुर से हताहतों को नासिक तक लाने के लिए उड़ान का खर्च वहन करेगी।
16 की मौके पर ही मौत
नेपाल में सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के उप प्रवक्ता शैलेन्द्र थापा ने काठमाडू में पीटीआई को बताया कि 16 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। थापा ने बताया कि 16 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें हवाई मार्ग से काठमांडू लाया गया है और त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान
ये यात्री उन 104 भारतीय श्रद्धालुओं के समूह का हिस्सा थे, जो दो दिन पहले नेपाल की 10-दिवसीय यात्रा के लिए तीन बसों से महाराष्ट्र से नेपाल पहुंचे थे। महाराष्ट्र सरकार ने जलगांव के 16 लोगों की पहचान "कथित मृतक" के रूप में की है। उसने कहा कि रामजीत उर्फ मुन्ना, सरला राणे (42), भारती जावड़े (62), तुलशीराम तावड़े (62), सरला तावड़े (62), संदीप सरोदे (45), पल्लवी सरोदे (43), अनुप सरोदे (22), गणेश भारम्बे (40)), नीलिमा धांडे (57), पंकज भांगड़े (45), परी भारम्बे (8 वर्ष), अनीता पाटिल, विजया झावाड़े (50), रोहिणी झावाड़े (51) और प्रकाश कोडी की कथित तौर पर दुर्घटना में मौत हो गई।
