दुनिया

Nepal Bus Accident: नेपाल बस हादसे में 27 भारतीयों की मौत, सभी महाराष्ट्र के जलगांव जिले के निवासी, 16 का इलाज जारी

Nepal Bus Accident: नेपाल स्थित भारतीय दूतावास की ओर से इस घटना के संबंध में एक्स पर जानकारी साझा की गई है। पोखरा से काठमांडू जा रही एक भारतीय पर्यटक बस, जिसमें लगभग 43 भारतीय सवार थे, आज मार्शयांदी नदी में 150 मीटर नीचे गिर गई।

Image

नेपाल में भारतीय बस नदी में गिरी (फोटो- नेपाली आर्मी)

KEY HIGHLIGHTS
  • नेपाल में बस हादसा
  • बस हादसे में कई भारतीयों की मौत
  • नदी में गिरी बस

Nepal Bus Accident: नेपाल में एक भारतीय बस के नदी में गिरने से अबतक 27 लोगों की मौत हो चुकी है। ये सभी महाराष्ट्र के रहने वाले थे और नेपाल घूमने गए थे। नेपाल बस हादसे में 16 भारतीय लोग घायल भी हुए हैं। जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

मर्स्यांगदी नदी में गिरी बस

नेपाल में शुक्रवार को एक भारतीय बस के राजमार्ग से पलटकर नीचे मर्स्यांगदी नदी में गिरने से महाराष्ट्र के जलगांव जिले के कम से कम 27 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की यह बस पोखरा से काठमांडू की ओर जा रही थी, तभी यह तनहुन जिले के आइना पहारा में राजमार्ग से पलट गई। बस में चालक और दो सहायकों समेत 43 लोग सवार थे।

कहां के रहने वाले हैं पीड़ित

एक सरकारी बयान के अनुसार, ये पीड़ित मुंबई से करीब 470 किलोमीटर दूर जलगांव जिले के वरणगांव, दरियापुर, तलवेल और भुसावल के थे। महाराष्ट्र सरकार ने केंद्र को पत्र लिखकर वहां से शवों और घायलों का वापस लाने के लिए भारतीय वायुसेना की विशेष उड़ान का प्रबंध करने का अनुरोध किया है। केंद्र सरकार को लिखे पत्र में महाराष्ट्र के आपदा प्रबंधन निदेशक लाहू माली ने कहा कि 24 अगस्त की शाम में शवों और घायल यात्रियों को गोरखपुर लाया जाएग, लेकिन उन्हें वाणिज्यिक विमान से वापस महाराष्ट्र लाना संभव नहीं है, इसलिए वायुसेना के विमान का प्रबंध किया जाए। पत्र में कहा गया है कि राज्य सरकार गोरखपुर से हताहतों को नासिक तक लाने के लिए उड़ान का खर्च वहन करेगी।

16 की मौके पर ही मौत

नेपाल में सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के उप प्रवक्ता शैलेन्द्र थापा ने काठमाडू में पीटीआई को बताया कि 16 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। थापा ने बताया कि 16 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें हवाई मार्ग से काठमांडू लाया गया है और त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान

ये यात्री उन 104 भारतीय श्रद्धालुओं के समूह का हिस्सा थे, जो दो दिन पहले नेपाल की 10-दिवसीय यात्रा के लिए तीन बसों से महाराष्ट्र से नेपाल पहुंचे थे। महाराष्ट्र सरकार ने जलगांव के 16 लोगों की पहचान "कथित मृतक" के रूप में की है। उसने कहा कि रामजीत उर्फ मुन्ना, सरला राणे (42), भारती जावड़े (62), तुलशीराम तावड़े (62), सरला तावड़े (62), संदीप सरोदे (45), पल्लवी सरोदे (43), अनुप सरोदे (22), गणेश भारम्बे (40)), नीलिमा धांडे (57), पंकज भांगड़े (45), परी भारम्बे (8 वर्ष), अनीता पाटिल, विजया झावाड़े (50), रोहिणी झावाड़े (51) और प्रकाश कोडी की कथित तौर पर दुर्घटना में मौत हो गई।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article