दुनिया

Nepal Flood: नेपाल में प्रलय! बाढ़ और भूस्खलन से 148 लोगों की मौत

Nepal Flood: नेपाल में बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। कई जगहों पर भूस्खलन से सड़कें बंद हो गईं हैं। हजारों लोग बेघर हो गए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है।

Image

नेपाल में बाढ़ से तबाही

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • नेपाल में बाढ़ से मची तबाही
  • 101 घायल और 55 लापता
  • नेपाल में बाढ़ से लगभग 150 मौतें

Nepal Flood: नेपाल में बाढ़ से तबाही मची हुई है। नेपाल में मानसूनी बारिश के कारण हुए भूस्खलन और बाढ़ से तबाही मची हुई है। इस आपदा में रविवार दोपहर तक 148 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। नेपाल पुलिस ने एक बयान में कहा कि आपदाओं में 101 लोग घायल हुए हैं और 55 अन्य लापता हैं। अब तक 3,661 पीड़ितों को बचाया गया है।

तीन यात्री बसों से 35 शव बरामद

काठमांडू जिला पुलिस रेंज के प्रवक्ता नवराज अधिकारी ने शिन्हुआ को बताया कि मध्य नेपाल के धाडिंग जिले के जियापल खोला में भूस्खलन में दबी तीन यात्री बसों से 35 शव बरामद किए गए हैं। वहीं, गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा- "अवरुद्ध राजमार्गों की तलाशी, बचाव और सफाई के लिए विभिन्न सुरक्षा टीमों को तैनात किया गया है।"

राजमार्ग अवरुद्ध

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार से शनिवार तक लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ से देश भर में अधिकांश प्रमुख राजमार्ग अवरुद्ध हो गए हैं, जिससे सैकड़ों लोग फंस गए हैं। कार्यवाहक प्रधानमंत्री और शहरी विकास मंत्री प्रकाश मान सिंह बचाव एवं राहत प्रयासों के लिए समर्थन मांगने के लिए एक सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता की।

उफान पर नदियां

नेपाल में इस साल मानसून के दौरान औसत से ज्यादा बारिश हुई है। उफनती नदियों के कारण काठमांडू के कुछ हिस्सों में पानी भर गया है। कई घर पानी में डूब गए हैं और लोगों को ऊपरी मंजिल पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। शहर के दक्षिणी हिस्से का एक बड़ा इलाका ज्यादातर बाढ़ ग्रस्त था और चार लोगों को रेस्क्यू करने के लिए सेना के हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया गया था। ये लोग अपने घर छोड़ने में असमर्थ थे। काठमांडू के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति और इंटरनेट सेवा काफी समय तक बाधित रही।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article