Israel Lebanon Conflict: पश्चिम एशिया में तनाव कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। एक तरफ, अमेरिका और ईरान के बीच स्थायी समझौता नहीं हो पा रहा है तो दूसरी तरफ, इजरायल रुक-रुककर लेबनान पर कहर बरपा रहा है। इजरायल ने दक्षिणी लेबनान पर भीषण बमबारी की।
इजरायली सेना (IDF) ने बताया कि इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में पिछले 24 घंटे में हिजबुल्लाह के 135 ठिकानों पर स्ट्राइक की है। बेका और दक्षिणी लेबनान के इलाकों में हिजबुल्लाह द्वारा इजरायल पर हमला करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाली लगभग 10 लॉन्च साइटों और एक प्रशिक्षण शिविर केंद्र को निशाना बनाया गया।
इजरायली सेना ने एक बयान में बताया कि उसने टायर में 15 बुनियादी ढांचा स्थलों पर भी हमला किया और हिजबुल्लाह द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले एक लॉन्च बेस को भी तबाह किया।
लेबनान में 8 की मौत
इजरायली सेना के हमले में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई। आईडीएफ का यह हमला वाशिंगटन में होने वाली महत्वपूर्ण वार्ता से पहले हिजबुल्लाह समूह के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को और तेज करने से जुड़े अभियान का हिस्सा है। लेबनान की सरकारी 'नेशनल न्यूज एजेंसी' के अनुसार, हमलों में कई अन्य लोग घायल भी हुए।
इस बीच, इजराइली सेना ने बताया कि उत्तरी इजरायल में हिजबुल्लाह के ड्रोन हमले में एक सैनिक मारा गया। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने लेबनान में सैन्य हमलों को तेज करने की घोषणा की थी, जिसके बाद ये हवाई हमले किए गए।
लेबनान और इजरायल के सैन्य अधिकारी शुक्रवार को अमेरिका की राजधानी में अपनी पहली सुरक्षा वार्ता करने वाले हैं। इस वार्ता में 17 अप्रैल से लागू नाममात्र के युद्धविराम को आगे बढ़ाने का प्रस्ताव है। हालांकि, तब से हमले तेज हो गए हैं, लेकिन लेबनान की राजधानी बेरूत को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
हिजबुल्लाह ने वार्ता को किया खारिज
हिजबुल्लाह ने वार्ता को खारिज कर दिया और इसके बजाय उसने अपने प्रमुख सहयोगी ईरान का समर्थन किया। ईरान ने पाकिस्तान की मध्यस्थता से वाशिंगटन के साथ अपनी वार्ता के लिए लेबनान में युद्ध समाप्त करने को एक शर्त बना रखा है।
