दुनिया

अमेरिका के टॉप 10 वैज्ञानिक कहां हो गए गायब? वाशिंगटन में खड़ा हुआ नया विवाद; ट्रंप ने दिए जांच के आदेश

US Scientists Missing Case: अंतरिक्ष, रक्षा और अन्य ग्रहों पर जीवन से संबंधित जानकारी रखने वाले 10 शीर्ष अमेरिकी वैज्ञानिकों की मृत्यु या लापता होने से विवाद खड़ा हो गया, जिसके चलते ट्रंप प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)

US Scientists Missing Case: अंतरिक्ष, रक्षा और अन्य ग्रहों पर जीवन से संबंधित जानकारी रखने वाले कम से कम 10 शीर्ष अमेरिकी वैज्ञानिकों और अनुसंधानकर्ताओं की मृत्यु या लापता होने से विवाद खड़ा हो गया है, जिसके चलते ट्रंप प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। इस सप्ताह की शुरुआत में, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को प्रमुख वैज्ञानिकों की मृत्यु और लापता होने के बारे में जानकारी दी गई तथा अगले डेढ़ सप्ताह में और भी विवरण उपलब्ध होगा।

वैज्ञानिकों की हुई मौत या हो गए लापता?

अमेरिकी मीडिया की खबरों के अनुसार, सबसे पहली मौत जुलाई 2023 में हुई थी। 'नासा जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी' के भौतिक विज्ञानी माइकल डेविड हिक्स, जो धूमकेतु और क्षुद्रग्रहों के विशेषज्ञ थे, का 30 जुलाई 2023 को निधन हो गया। उनकी मृत्यु का कारण सार्वजनिक नहीं किया गया।मिसौरी से रिपब्लिकन सांसद और प्रतिनिधि सभा की एक समिति के सदस्य एरिक बर्लिसन ने कहा कि वह काफी समय से कुछ वैज्ञानिकों के लापता होने की घटनाओं की ओर ध्यान दिला रहे हैं क्योंकि उन्हें ये घटनाएं ''काफी संयोगवश'' लग रही हैं।

सांसद ने तर्क दिया कि वैज्ञानिकों के साथ हुई घटनाएं लगभग ''निश्चित रूप से'' गोपनीय एयरोस्पेस, रक्षा और यूएफओ (उड़ने वाली अज्ञात वस्तुएं) संबंधी जानकारी तक उनकी पहुंच से जुड़ा है तथा इसमें चीन, रूस या ईरान के लोगों का हाथ हो सकता है। सांसद ने टीवी कार्यक्रम 'फॉक्स एंड फ्रेंड्स' से कहा, ''यह महज़ एक संयोग है, इसलिए हमें इसकी जांच करनी होगी। हमें अपने देश के शीर्ष जांचकर्ताओं, एफबीआई और हर एजेंसी को इस मामले की जांच करने के लिए कहना होगा।''

वैज्ञानिकों के नहीं मिले सुराग

बर्लिसन ने कहा कि कुछ वैज्ञानिक ''सचमुच'' में गायब हो गए, जिनके बारे में कोई सुराग नहीं है। इनमें वायुसेना के मेजर जनरल विलियम मैक्कलैंड भी शामिल हैं, जो फरवरी में लापता हो गए थे। सांसद ने दावा किया कि मैक्कलैंड ने यूएफओ पर अपने शोध के संबंध में उनसे दो बार संपर्क करने की कोशिश की थी।

ट्रंप ने इन वैज्ञानिकों के साथ हुई घटनाओं को ''काफी गंभीर मामला'' बताया और कहा कि जिन वैज्ञानिकों के लापता होने या मृत्यु की खबरें आई हैं, उनमें से कुछ ''बहुत महत्वपूर्ण व्यक्ति'' थे। राष्ट्रपति ने कहा कि आने वाले दिनों में उन्हें इन मामलों के बारे में और जानकारी मिलेगी तथा पता चलेगा कि क्या इनके बीच कोई संबंध हो सकता है।

क्या कुछ बोले डोनाल्ड ट्रंप

गुरुवार को जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि इन मामलों के बीच कोई संबंध है, तो उन्होंने जवाब दिया कि उन्हें लगता है कि ऐसा संयोगवश नजर आ रहा है।

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा कि प्रशासन ''सभी संबंधित एजेंसियों और एफबीआई के साथ मिलकर सभी मामलों की समग्र समीक्षा करने और उनमें मौजूद संभावित समानताओं की पहचान करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा है।'' उनके बयान में कहा गया, ''इस प्रयास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी, और व्हाइट हाउस जानकारी मिलते ही सूचना प्रदान करेगा।'' पूर्व में उन्होंने यह भी कहा था कि इन मामलों से जुड़े सवाल ''वैध'' हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article