Viral News: स्कूल और कॉलेज में परीक्षा के दौरान कई बच्चे ऐसे होते हैं जो अत्यधिक तनाव के कारण बीमार हो जाते हैं। मगर वहीं, कुछ ऐसे बच्चे भी होते हैं जो अपनी हाजिरजवाबी से टीचर को ही तनाव में डाल देते हैं। ऐसा ही कुछ हुआ एक स्कूल में जहां उत्तर पुस्तिका में एक स्टूडेंट ने अपनी बुद्धिमता और क्रिएटिविटी का परिचय दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में छात्रों से एक सवाल पूछा गया, मगर छात्र का जवाब इतना शानदार था कि उसे पढ़ने वाले टीचर को भी हंसी आ गई होगी। शिक्षक जवाब से इतना प्रभावित हुआ कि उसने छात्र को पूरे अंक दिए।
गौरतलब है कि, सवाल था 'डॉक्टर कौन है?' वैसे तो इसका आसान सा जवाब दिया जा सकता था मगर छात्र ने मजेदार जवाब से महफिल ही लूट ली। छात्र ने लिखा- 'डॉक्टर वो होता है जो हमारी बीमारियों को गोलियों से मारता है और बाद में बिल देकर हमें मार देता है।' शिक्षक इस जवाब से इतना खुश हुआ कि उसने न सिर्फ पूरे नंबर दिए बल्कि स्माइली के साथ एक टिप्पणी भी लिखी, 'बहुत अच्छा छात्र।'
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को @rambola_rosy नामक इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है। 3.4 मिलियन से ज़्यादा लोगों ने इस वीडियो को देखा है और एक लाख से ज़्यादा लोगों ने लाइक किया है। इस वीडियो पर कई मज़ेदार कमेंट्स आए हैं, जिसमें यूज़र्स ने हंसी वाले इमोजी के साथ अपनी प्रतिक्रिया दी है। कुछ लोगों ने तो यहां तक कमेंट किया है कि जवाब 200 प्रतिशत सही था।
(डिस्क्लेमर: टाइम्स नाउ नवभारत इस वायरल वीडियो या इससे जुड़े किसी दावे की पुष्टि नहीं करता है।)
