Viral Video: सिनेमा में पॉपकॉर्न और कोल्ड ड्रिंक का आनंद लेते हुए फिल्म देखना लोगों को महंगा लगता है। यही वजह है कि, कई बार लोग घर से ही स्नैक्स लाने को विवश हो जाते हैं। मगर, सऊदी अरब से एक अजब-गजब वीडियो सामने आया जहां लोग घर से खाली कंटेनर और बाल्टी लेकर पहुंचे। यह असामान्य व्यवहार फ्री पॉपकॉर्न के ऑफर के कारण हुआ, जिसके कारण लोग फ्री मिलने वाले खाने-पीने के सामान का अधिकतम लाभ उठाने के लिए बड़े कंटेनर लेकर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सफेद कपड़े पहने हुए एक व्यक्ति को सिनेमा हॉल के पास जाते हुए दिखाया गया है। वह अपने सिर पर एक बड़ा नीला ड्रम रखता है, जिसे वह फूड काउंटर पर रखता है। ये दृश्य देख स्टाफ के लोग हंसने लगते हैं और उससे ड्रम ले लेते हैं, तुरंत उसे पॉपकॉर्न से भरकर वापस कर देते हैं। कतार में कई अन्य व्यक्ति भी हैं, पुरुष और महिलाएं, जो बड़े पैन और बाल्टियां लिए हैं, सभी पॉपकॉर्न लेने के लिए अपनी बारी का इंतज़ार कर रहे हैं।
सोशल मीडिया हैंडल 'डायलॉगपाकिस्तान' द्वारा एक वीडियो शेयर किया गया जो कि, वायरल हो गया है। इसे लाखों लोगों ने देखा और पसंद किया है। दावा किया गया है कि कंपनी ने 30 रियाल (लगभग 695 रुपये) में अनलिमिटेड पॉपकॉर्न की पेशकश की, जिसके कारण लोग इस ऑफर का अधिकतम लाभ उठाने के लिए कंटेनर लेकर आ रहे हैं। वीडियो पर कई कमेंट्स आए जिसमें एक यूजर ने कहा, 'और वे अभी तक अपने नुकसान से उबर नहीं पाए हैं।' दूसरे यूजर ने कहा कि, 'असीमित शब्द का प्रयोग कभी नहीं किया जाना चाहिए, खासकर अरब देशों में।'
