Lioness in Wedding Video: भारत में शादियों के मौके पर दूल्हा और दुल्हन की तरफ से भव्य खाने का भी आयोजन किया जाता है। इस दौरान खाने का अलग से पंडाल बनाया जाता है। जहां पर खाने के दर्जनों मेन्यू लगाए जाते हैं और शादी में आए मेहमान और रिश्तेदार दावत उड़ाते नजर आते हैं। सोचिए आप किसी शादी में गए हों और वहां पर दावत उड़ा रहे हों। इस बीच अगर शेरनी का परिवार टहलता हुआ आ जाए तो आपकी हालत यकीनन खराब हो जाएगी।
वीडियो देखकर कांप उठेंगे आप
सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने यूजर्स की रूह कंपा दी है। दावे के अनुसार, वीडियो गुजरात के जूनागढ़ जिले से सामने आया है। जूनागढ़ के प्लासवा गांव में एक शादी समारोह में खाने का पंडाल लगा हुआ था। वहां अचानक दो शेरनियां टहलते हुए पहुंच गईं। वीडियो में आप देख सकते हैं कि स्टॉल पर खाने के बर्तन लगे हुए हैं, जिनमें दावत का खाना सजा हुआ है। इस बीच दो शेरनियों के पहुंचने से हड़कंप मच गया। देखें वीडियो-
वीडियो में आप देख पाएंगे कि खाने के पंडाल में दो शेरनियां घूम रही हैं। गनीमत यह रही कि तब तक ज्यादातर रिश्तेदार खाना खाकर जा चुके थे और तकरीबन खाने का कार्यक्रम खत्म हो चुका था। हालांकि, घर के कुछ लोग वहां पर मौजूद थे। जैसे ही लोगों ने शेरनियों को घूमते दिखे, वैसे ही किसी ने अपने फोन का कैमरा चालू करके वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। इसके बाद वीडियो तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो गया।
कुछ ही पलों में लौट गईं जंगल की रानियां
अच्छी बात यह रही कि शेरनियां वहां ज्यादा देर तक नहीं रुकीं और कुछ ही पल में वहां से चलती बनीं। इससे किसी को कुछ नुकसान नहीं हुआ। आप शेरनियों को खाने का पंडाल छोड़कर जंगल की ओर वापस लौटते देख सकते हैं। इस घटना के सामने आने के बाद वन विभाग ने जानकारी दी कि यह इलाका गिर के जंगल का है। जहां से शेर अक्सर आसपास के खेतों और गांव तक आ जाते हैं। वीडियो को timesnownavbharat के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
