Viral Video: ट्रेन के एसी कोच में यात्रा करने वाले ज्यादातर लोगों को पता होता है कि वहां मिलने वाली चादर, कंबल और तकिया सिर्फ सफर के दौरान इस्तेमाल करने के लिए होते हैं। यात्रियों को इन्हें अपने साथ घर ले जाने की अनुमति नहीं होती। फिर भी कई बार कुछ लोग लालच में आकर ऐसी चीजें अपने बैग में रख लेते हैं। जब कोई ऐसा करते हुए पकड़ा जाता है, तो रेलवे की तरफ से उस पर सख्त कार्रवाई की जाती है। हाल ही में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जिसने लोगों को हैरान कर दिया।
AC कोच में रंगेहाथ ट्रेन का सामान चोरी करते पकड़ा गया पुलिसवाला (फोटो: X/@tusharcrai)
बैग चेक करने पर मिला रेलवे का तकिया
खबर के मुताबिक एक व्यक्ति जो पुलिस की वर्दी में था, रेलवे (train viral video) की बेडिंग सामग्री लेते हुए पकड़ा गया। आमतौर पर लोगों को पुलिस से ईमानदारी और जिम्मेदारी की उम्मीद होती है, इसलिए इस घटना ने सभी को चौंका दिया। बताया जा रहा है कि रेलवे स्टाफ को जब शक हुआ, तो उन्होंने उस व्यक्ति की जांच की। वह पुलिस की यूनिफॉर्म पहने हुए था और ऊपर सफेद रंग की जैकेट डाले हुए था। स्टाफ ने जब उसका बैग चेक किया, तो उसमें रेलवे का तकिया मिला। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों ने उसकी पहचान जानने के लिए वर्दी पर लगी नेम प्लेट देखी, जिसमें उसका नाम ‘भानू प्रताप सिंह’ लिखा हुआ था।
जांच के दौरान उस व्यक्ति से सवाल-जवाब भी किए गए। उसने बताया कि उसकी ड्यूटी प्रयागराज कुंभ में लगी हुई है। वहीं, जब उस पर शराब पीने का शक जताया गया तो उसने साफ कहा कि उसने शराब नहीं पी है। बैग से मिले दो तकियों के बारे में उसने सफाई देते हुए कहा कि ये उसे गिरे हुए मिले थे, इसलिए उसने उठा लिया। इस घटना का वीडियो और खबर सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गई। लोग इस पर अलग-अलग राय दे रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि कानून की जिम्मेदारी निभाने वालों को खुद नियमों का पालन करना चाहिए। फिलहाल, इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, यह देखने वाली बात होगी।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
