Viral Video: सोशल मीडिया पर रोजाना कई वीडियो ऐसे आते हैं जिसमें लोग अन्य लोगों या जरूरतमंदों की सेवा करते हुए नजर आते हैं। हाल ही में ऐसा ही एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें बुजुर्ग शख्स को बिस्किट के पैकेट बांटते हुए देखा गया है। इस वीडियो में बुजुर्ग बस ड्राइवरों को सड़क पर रोक कर उन्हें बिस्किट बांटते हुए दिख रहे हैं। जैसे ही ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तुरंत बाद यूजर्स की प्रतिक्रिया आई। यूजर्स ने बुजुर्ग के दयालु स्वभाव की न केवल तारीफ की बल्कि कहा कि,'भगवान ! बस इन अंकल जैसा ही अमीर बना दे।'
इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ वीडियो
इंस्टाग्राम यूजर मीनल पटेल ने ये वीडियो शेयर करते हुए इसे कैप्शन दिया कि, 'मेरी सबसे प्यारी सुबह का नजारा। वीडियो में डिवाइडर के पास एक बुजुर्ग को देखा जा सकता है जिन्होंने सफेद कुर्ता पहना हुआ है। उनके पास से गुजर रही एक बस उनके हाथ में पकड़े बिस्किट के पैकेट को लेने के लिए कुछ सेकंड के लिए रुकती है। इसके बाद बस लेकर निकलने वाले ड्राइवर भी ऐसा ही करते हैं। वीडियो में लिखा है कि, 'हर सुबह, यह अंकड ह्यूजेस रोड पर गुजरने वाली हर बस के चालक को बिस्कुट बांटने का इंतजार करते हैं।' बता दें कि, ये वीडियो छह दिन पहले शेयर किया गया था तब से लेकर अब तक इसको लाखों लोग देख चुके हैं।
यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया
यूजर्स ने वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए बुजुर्ग की तारीफ की है। एक यूजर ने लिखा कि, 'मैं इन अंकल को जानता हूं। मेरा भाई एक बस ड्राइवर है। अंकल रोजाना सुबह 5.30 से 8 बजे तक ड्राइवरों और कंडक्टरों को पारले जी बिस्कुट देते हैं। मैंने इसके बारे में केवल अपने भाई से सुना था, लेकिन आज, मैंने इसे इस वीडियो के माध्यम से देखा। धन्यवाद आपको इस खूबसूरत वीडियो के लिए।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'ओह, मेरे पिताजी भी ऐसा करते हैं! वह हर हफ्ते बहुत सारे बिस्किट पैकेट खरीदते हैं। वह उन्हें भोजन वितरण करने वाले लड़कों, पेट्रोल पंपों पर, टोल पर, सुरक्षा कर्मियों, घरेलू नौकरों, सफाईकर्मियों और इसी तरह उनके रास्ते में आने वाले हर किसी को बांटते हैं।' तीसरे यूजर ने कहा कि, 'हर बस ड्राइवर इनमें अपने पिता की छवि देखता होगा।' एक अन्य यूजर ने आश्चर्य जताते हुए जिखा कि, 'मैं व्यस्त और हमेशा अपने पैरों पर चलने वाली मुंबई में ऐसा होते देखकर आश्चर्यचकित हूं। इसे हमारे साथ साझा करने के लिए धन्यवाद।'
