Viral Video: नवजात बच्चों के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। हर वीडियो में कोई न कोई प्यारा सा लम्हा छिपा होता है। ऐसा ही एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें विजयादशमी के दिन जन्मी एक बच्ची को एक महिला डॉक्टर ने मां अम्बे का रूप दिया। वीडियो में डॉक्टर नवजात बच्ची को एक खूबसूरत लाल पोशाक में सावधानी से ले जाती हुई दिखाई दे रही हैं। बच्ची को मां अम्बे की तरह मुकुट भी पहनाया गया है। विजयादशमी के शुभ त्योहार पर जन्मी बच्ची शांति से गोद में लेटी हुई दिखाई दे रही है। इस वीडियो के वायरल होते ही कई लोगों ने इसे पसंद किया।
विनीता सिंह नामक यूजर ने एक्स पर इस मनमोहक वीडियो को शेयर किया। वीडियो को अब तक 600k से ज़्यादा बार देखा गया और 4k शेयर व 29k लाइक मिले हैं। हालांकि, घटना का सटीक स्थान और समय सामने नहीं आया है। वीडियो देखकर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं। कई लोगों को यह हरकत बहुत प्यारी लगी, तो कई लोगों ने इस बात पर चिंता जताई कि इतने छोटे बच्चे को इस तरह से कपड़े पहनाना उचित है या नहीं।
एक यूजर ने लिखा, 'आज मैंने जो सबसे प्यारी चीज़ देखी!' जबकि दूसरे ने कहा, 'आज मैंने इंटरनेट पर जो सबसे अच्छी चीज़ देखी है।' कुछ यूजर्स ने सवाल करते हुए पूछा कि, क्या नवजात शिशु को इस तरह से कपड़े पहनाना और सजाना उचित था ? एक यूजर ने कहा कि, 'क्या यह नवजात शिशु के लिए यातना नहीं है? वह इस पोशाक और मेकअप के लिए बहुत छोटी है। ये रील सिर्फ़ वयस्कों को अच्छा महसूस कराने के लिए हैं।'
गौरतलब है कि, विजयादशमी या दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। ऐसा माना जाता है कि इस दिन भगवान राम ने रावण का वध किया था और इसी मान्यता के साथ रावण के पुतले जलाने की परंपरा शुरू हुई। विजयादशमी दुर्गा पूजा के पांच दिवसीय उत्सव के समापन का प्रतीक है, और यह नौ दिवसीय नवरात्रि उत्सव के समापन का भी प्रतीक है।
