Viral Video: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25-26 फरवरी 2026 को इजरायल के दौरे पर गए थे। यह उनका इजरायल का दूसरा राजकीय दौरा था। इससे पहले वह जुलाई 2017 में इजरायल गए थे। इस बार भी इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरे के दौरान एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह वीडियो इजरायल (India Israel Relations) में रहने वाली भारतीय मूल की महिला रेविटल मोसेस ने शेयर किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी से आमने-सामने मिलने का मौका मिला। रेविटल ने कहा कि यह उनके लिए बेहद खास और भावुक पल था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 1.5 अरब लोगों के देश का नेतृत्व करते हैं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को संभालते हैं। ऐसे नेता से व्यक्तिगत रूप से मिलना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था।
पीएम मोदी से मिलकर खुशी हुईं रेविटल
रेविटल ने बताया कि वह भारत में पली-बढ़ी हैं और टीवी पर अक्सर पीएम मोदी को देखा करती थीं। लेकिन उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन उनसे सीधे मुलाकात का अवसर मिलेगा। उन्होंने इजरायली संसद में दिए गए प्रधानमंत्री मोदी के भाषण की भी तारीफ की। उनके अनुसार, यह भाषण भारत और इजरायल के रिश्तों को और मजबूत करने वाला था।
उन्होंने यह भी कहा कि जब इजरायली संसद भारत के तिरंगे के रंगों से रोशन हुई, तो वह पल बेहद भावुक कर देने वाला था। रेविटल का मानना है कि भारत-इजरायल संबंध अब एक नए दौर में प्रवेश कर चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दस साल दोनों देशों के रिश्तों के लिए बहुत अहम साबित होंगे। उनके मुताबिक, यह तो बस एक नई शुरुआत है। आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर इस वीडियो को mosesinisrael नामक अकाउंट पर शेयर किया गया है। जिसे अभी तक लाखों लोगों ने देखा है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
