Viral Video: भारतीय-अमेरिकी म्यूजिशियन और पर्यावरणविद रिकी केज ने एक कंटेंट क्रिएटर को इंस्टाग्राम पर एक हीरो बताया। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि, कंटेंट क्रिएटर सार्थक सचदेवा ने पीवीआर मल्टीप्लेक्स में आठ बार अनलिमिटेड पॉपकॉर्न लिया, इतना ही नहीं पॉपकॉर्न खाकर जब वे थक गए तो उन्होंने सारे पॉपकॉर्न को बोरी में भर और बाहर ले जाकर लोगों में बांट दिया। जिसमें कई जरूरतमंद, राहगीर और डिलीवरी ब्वॉयज शामिल थे। सार्थक के इस काम को देख केज खुद को उनकी पोस्ट पर कमेंट करने से नहीं रोक पाए। सचदेवा द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे उन्होंने अनलिमिटेड पॉपकॉर्न टब खरीदा और पहला टब सिर्फ़ 15 मिनट में खत्म कर दिया। फिल्म के इंटरवल तक सार्थक और उसका दोस्त टब को तीन बार भरवा चुके थे।
वीडियो में आप देख सकते हैं कंटेंट क्रिएटर ने पीवीआर पॉपकॉर्न को एक बैग में भरना शुरू किया। ऐसा करते-करते तीन किलो पॉपकॉर्न इकट्ठा कर लिया। बाद में, दोनों ने पॉपकॉर्न को लोगों में बांटा। यह पोस्ट कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर शेयर की गई थी। पोस्ट किए जाने के बाद से इसे 1.3 मिलियन से ज़्यादा बार देखा जा चुका है। शेयर पर कई लाइक और कमेंट भी हैं। केज ने वीडियो पर ध्यान देने के बाद कमेंट बॉक्स में लिखा, 'आप एक नायक हैं, जिन्होंने उन सभी महंगे पॉपकॉर्न का बदला लिया है, जिनके लिए हम लाखों लोग कई वर्षों से भुगतान करते आ रहे थे।'
इस पोस्ट पर और भी कई यूजर्स के कमेंट्स सामने आए। एक यूजर ने लिखा कि, 'इसे देखकर मुझे अच्छा लगा। वे इसे बहुत अधिक कीमत पर बेचते हैं और हम इसे इसलिए खरीदते हैं क्योंकि यह स्वादिष्ट होता है। लेकिन इसे देखकर मुझे ऐसा लगता है जैसे आपने हम सबके लिए खाया है।' दूसरे यूजर ने कहा कि, 'तुम्हारे जैसे कंजूस लोगों के कारण ही हमारे ऑफर या तो रद्द कर दिए जाते हैं या फिर उन पर सैकड़ों नियम व शर्तें लागू होती हैं!' तीसरे यूजर ने कहा कि, 'सभी हीरो टोपी नहीं पहनते। कुछ लोग टोपी पहनाते हैं।' चौथे यूजर ने कहा कि, 'हर हीरो भंडारा नहीं करता; कुछ हीरो पॉपकॉर्न चुराकर दान कर देते हैं।'
