वायरल न्यूज़

Viral News: MSc और B.Ed पास युवक बना Rapido Rider, सवारी से बोला: ‘नौकरी दिला दीजिए’

सोशल मीडिया पर एक रैपीडो राइडर (Rapido Rider) की कहानी वायरल हो रही है, जिसने गणित में ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन और बी.एड. किया है। कई साल सरकारी नौकरी की तैयारी करने के बाद भी उसे स्थायी नौकरी नहीं मिली, इसलिए वह गुजारा करने के लिए रैपीडो चला रहा है।

Image

Trending News: MSc और B.Ed पास युवक बना Rapido Rider (फोटो: TNN)

Rapido Rider Viral Story: सोशल मीडिया पर एक युवती ने हाल ही में एक रैपीडो राइडर (Rapdio Rider) की कहानी साझा की, जिसने कई लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। युवती का नाम साक्षी है और उन्होंने यह अनुभव अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा। उन्होंने बताया कि एक दिन ऑफिस से घर लौटते समय उन्होंने Rapido बुक किया। रास्ते में राइडर उनसे बातचीत करने लगा और उनसे उनके काम के बारे में पूछने लगा। जब साक्षी ने बताया कि वह नौकरी करती हैं, तो राइडर ने कहा कि वह भी किसी तरह का काम तलाश रहा है।

रैपीडो राइडर ने कर रखा है बी.एड. भी

उसने बताया कि वह रोजमर्रा का खर्च चलाने के लिए फिलहाल बाइक चला रहा है, लेकिन वह स्थायी नौकरी चाहता है। उसने साक्षी से यह भी पूछा कि अगर संभव हो तो क्या वह उसके नौकरी के लिए कहीं बात कर सकती हैं। यह सुनकर साक्षी ने उससे उसकी पढ़ाई के बारे में पूछा। जवाब सुनकर वह हैरान रह गईं। राइडर ने बताया कि उसने गणित में स्नातक और फिर गणित में परास्नातक की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उसने बी.एड. भी किया है। उसने करीब पांच से छह साल तक सरकारी शिक्षक बनने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की, लेकिन उसे अब तक कोई स्थायी नौकरी नहीं मिल सकी।

आज हालात ऐसे हैं कि उसे अपना गुजारा चलाने के लिए रैपीडो चलाना पड़ रहा है। साक्षी ने अपनी पोस्ट में यह भी लिखा कि हम अक्सर छात्रों से कहते हैं कि मेहनत से पढ़ाई करो, डिग्री लो और परीक्षा पास करो, तो जिंदगी सुरक्षित हो जाएगी। लेकिन हकीकत कभी-कभी इससे अलग होती है। कई लोग पूरी मेहनत करने के बाद भी स्थिर नौकरी हासिल नहीं कर पाते। यह कहानी सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उन कई युवाओं की स्थिति को दिखाती है जो पढ़ाई और तैयारी में सालों लगा देते हैं, फिर भी उन्हें मनचाही नौकरी नहीं मिल पाती। इस वीडियो को सोशल मीडिया के एक्स पर @333maheshwariii नामक अकाउंट से शेयर किया गया है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article