Viral Video: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला ट्रेन (Viral Video) के अंदर इलेक्ट्रिक केतली का इस्तेमाल करती नजर आ रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला आराम से केतली चलाकर कुछ बना रही है। आसपास बैठे यात्री भी सामान्य तरीके से बैठे हुए हैं और किसी तरह का एतराज नहीं जता रहे हैं। वीडियो में साफतौर पर दिखाई देता है कि ट्रेन काफी स्पीड में चल रही है। आसपास बैठे लोग कोई मोबाइल चला रहा है तो कोई आराम से बैठा हुआ नजर आ रहा है। लेकिन असल बात यह है कि ट्रेन में इस तरह के हाई-वॉटेज यानी ज्यादा बिजली खपत करने वाले उपकरण चलाना नियमों के खिलाफ है।
ट्रेन में इसको चलाने से हो सकता है शॉर्ट सर्किट
आपको यहां जानकारी के लिए बता दें कि रेलवे कोच में जो बिजली के सॉकेट दिए जाते हैं, वे केवल मोबाइल फोन, लैपटॉप या अन्य छोटे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्ज करने के लिए होते हैं। इन सॉकेट पर भारी उपकरण चलाने से बिजली व्यवस्था पर दबाव पड़ सकता है। जानकारों का कहना है कि इलेक्ट्रिक केतली जैसे उपकरण ज्यादा पावर लेते हैं। अगर इन्हें ट्रेन में चलाया जाए तो शॉर्ट सर्किट या आग लगने का खतरा हो सकता है। यही वजह है कि ऐसे उपकरणों के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई है। यह वीडियो सोशल मीडिया के एक्स पर @WokePandemic नामक अकाउंट से शेयर किया गया।
पोस्ट करने वाले व्यक्ति ने रेलवे सेवा और रेल मंत्रालय को टैग करते हुए इस पर ध्यान देने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता है, इसलिए लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कई यूजर्स ने इसे खतरनाक कदम बताया और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। कुछ लोगों ने कहा कि नियम पहले से बने हुए हैं, लेकिन लोग उनका पालन नहीं करते। वहीं अन्य लोगों का मानना है कि सिर्फ जागरूकता नहीं, बल्कि नियमों का सख्ती से पालन कराना जरूरी है। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करना कितना जरूरी है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
