इंसानों की भक्ति तो हम सबने देखी है लेकिन क्या आपने कभी जानवरों की भक्ति देखी है। सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक अद्भुत वीडियो देखने को मिल रहा है। जहां एक बाघ बाबा भोलेनाथ के पास पहुंचा हुआ है। वीडियो में बाघ शिवलिंग के सामने कभी अपना माथा टेक रहा है तो कभी वह उसे जीभ से चाटते दिखाई दे रहा है। इस दौरान वह बड़ा ही शांत दिख रहा है। ऐसा लग रहा है जैसे वह भी भगवान शिव की भक्ति में लीन है। भगवान भोलेनाथ के पास कुछ देर समय तक गुजारने के बाद वह शांतिपूर्वक जंगल में चला जाता है। इस अद्भुत नजारे का वीडियो देख लोग हैरान हैं।
शिवलिंग के पास मौजूद बाघ (Instagram/TimeNowNavbharat)
लोग इसे मान रहे हैं चमत्कार
वायरल हो रहा यह वीडियो मध्य प्रदेश के कटनी जिले का बताया जा रहा है। जहां ढीमरखेड़ा तहसील के अंतर्गत सडार के घने जंगलों में जो नजारा देखने को मिला उस पर लोगों को यकीन करना मुश्किल हो गया है। वीडियो को देखने के बाद कई लोग इसे प्रकृति का खेल बता रहे हैं तो कुछ लोग इसे आस्था का चमत्कार कह रहे हैं। लोगों का मानना है कि यह कोई साधारण घटना नहीं, बल्कि भगवान शिव की कृपा और चमत्कार है। कई यूजर्स ने बाघ को "शिव भक्त" कहकर वीडियो को खूब शेयर किया है। वीडियो के कमेंट सेक्शन में "हर हर महादेव" के जयकारे की बाढ़ सी आ गई है।
क्या है वन विभाग का नजरिया
हालांकि, वन विभाग और वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि बाघों में सिर रगड़ना एक सामान्य व्यवहार है। वे गालों और माथे पर स्थित सुगंध ग्रंथियों (scent glands) से क्षेत्र चिह्नित करने के लिए पेड़ों, चट्टानों या अन्य सतहों पर अपना सिर रगड़ते हैं। यह व्यवहार क्षेत्रीय प्रभुत्व स्थापित करने, संचार या खुजली मिटाने के लिए होता है। वन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह आस्था से जुड़ा नहीं, बल्कि बाघ का प्राकृतिक स्वभाव है। साथ ही, चूंकि यह स्थान गांव से मात्र 400 मीटर की दूरी पर है, इसलिए उन्होंने स्थानीय निवासियों को जंगल में न जाने और सतर्क रहने की सलाह दी है, ताकि कोई अनहोनी न हो।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
