Tanah Lot Temple: दुनिया के कई देशों में आज भी सदियों पुराने मंदिर मौजूद हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि एक इस्लामिक देश में 600 सालों से एक हिंदू मंदिर समुद्र के बीचों-बीच खड़ा है। यह हिंदू मंदिर आज भी पूरी तरह से सुरक्षित है। कहा जाता है कि इस मंदिर की सुरक्षा में सांप लगे हुए हैं। यह मंदिर इंडोनेशिया में मौजूद है। यह समुद्र के बीचों-बीच एक ऊंची सी चट्टान पर स्थित है। मान्यता है कि हजारों साल पहले इस चट्टान का निर्माण समुद्री पानी के ज्वार से हुए एक क्षरण के कारण हुआ था।
अनोखे मंदिर के बनने की कहानी है दिलचस्प
इस अनोखे मंदिर के बनाने की कहानी बेहद अनोखी है। तनाह लोत नाम से जाना जाने वाला यह मंदिर इंडोनेशिया के बाली द्वीप पर स्थित है। 'तनाह लोत' का स्थानीय भाषा में मतलब समुद्री भूमि अथवा समुद्र में जमीन से होता है। तनाह लोत मंदिर बाली के सागर तट पर बने उन सात मंदिरों में शामिल है, जिन्हें एक श्रृंखला के रूप में स्थापित किया गया है। इनकी खासियत यह है कि हर मंदिर से अगला मंदिर पूरी तरह से साफ दिखाई देता है।
साल 1980 में शुरू हुआ शिला का पुनर्निर्माण
बता दें कि जिस शिला पर यह मंदिर टिका हुआ है, साल 1980 में यह शिला कमजोर होकर झड़ने लगा था। इसके बाद मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्र को खतरनाक घोषित किया गया था। फिर जापान सरकार ने इस शिला को बचाने के लिए इंडोनेशिया की सरकार की मदद की। इसके बाद कृत्रिम चट्टान से चट्टान के लगभग एक तिहाई हिस्से को ढंककर नया रूप दिया गया। माना जाता है कि तनाह लोत मंदिर को 15वीं सदी में निरर्थ नाम के पुजारी ने बनवाया था। बताया जाता है कि वह समुद्र तट के किनारे चलते हुए इस जगह पर पहुंचे थे। इसके बाद उन्हें यहां की सुंदरता भा गई थी। फिर उन्होंने यहां पर मंदिर निर्माण के बारे में सोचा।
