Viral Photo: 'इस दुनिया में सबसे बड़ा योद्धा मां होती है..!' फिंल्म KGF के इस डायलॉग को हकीकत में सिद्ध होते हुए आपने कई बार देखा होगा। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ये डायलॉग एक बार और चरितार्थ होते हुए दिखा। दरअसल, रेलवे सुरक्षा विशेष बल (RPSF) की एक महिला कांस्टेबल का वीडियो सोशल मीडिया पर इन दिनों खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे अपने बच्चे को गोद में लेकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी करती नजर आ रही हैं। RPF के ऑफिशियल एक्स अकाउंट से इस वीडियो को शेयर किया गया। इसमें उनको एक हाथ में डंडा लेकर भीड़ को नियंत्रित करते दिखाया गया और खास बात ये रही है इसमें उनका बच्चा उनकी गोद में सोते हुए नजर आया।
एजेंसी ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, 'वह सेवा करती है, वह पोषण करती है, वह यह सब करती है... एक मां, एक योद्धा, जो सीना तानकर खड़ी है... 16बीएन/आरपीएसएफ की कांस्टेबल रीना अपने बच्चे को गोद में लेकर अपने कर्तव्यों का पालन करती है, वह उन अनगिनत माताओं का प्रतिनिधित्व करती है जो हर दिन मातृत्व के साथ अपने कर्तव्य का संतुलन बनाए रखती हैं।' रीना को बेबी कैरियर पहने हुए देखा जा सकता है जिसमें उनका एक साल का बच्चा इत्मिनान से सो रहा है। अपनी वर्दी पहने और डंडा लिए हुए, वह यात्रियों पर नज़र रखती हुई नज़र आ रही हैं।
हिन्दुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की भयावह घटना के बाद महिला कांस्टेबल को छुट्टी से वापस बुलाना पड़ा। रीना के पति सीआरपीएफ कांस्टेबल हैं और जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। उनके ससुराल वाले अब जीवित नहीं हैं। अपने बच्चे की देखभाल करने वाला कोई नहीं होने के कारण, वह अपने बच्चे को काम पर ले जाती हैं और देखभाल करने वाले की तलाश जारी रखती हैं। रीना ने आउटलेट को बताया, 'यह मेरे लिए सामान्य दिनचर्या है। मैं बस यह सुनिश्चित करती हूं कि बच्चे को कोई चोट न पहुंचे। मैं मदद के लिए एक देखभाल करने वाले की तलाश कर रही हूं, लेकिन तब तक, मैं वही करती रहूंगी जो मुझे करना है।' आउटलेट के अनुसार, ड्यूटी के दौरान रीना अपने बच्चे के लिए घर का बना दलिया, कंबल, नैपी और दूध लेकर जाती हैं।
