Punjabi wedding viral video: पंजाब के तरनतारण में हुई एक शादी का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह शादी 14 फरवरी को हुई थी और वीडियो में दूल्हा-दुल्हन पर नोटों की बारिश होती दिखाई दे रही है। इसी वजह से यह वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। कुछ लोग इसे देखकर हैरान हैं, तो कुछ इसे पंजाबी शादियों की परंपरा और खुशी का हिस्सा बता रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि दूल्हा और दुल्हन शादी के मंच पर खड़े हैं और उनके ऊपर लगातार नोट उड़ाए जा रहे हैं। परिवार के सदस्य और रिश्तेदार बैग में भरकर पैसे लाते हैं और उन्हें दूल्हा-दुल्हन पर बरसाते हैं। वहां मौजूद कुछ लोग नोटों को इकट्ठा करते हुए भी नजर आते हैं।
करोड़ों रुपए लुटाने की बात अफवाह
बताया जा रहा है कि शादी में शामिल कुछ मेहमान ऑस्ट्रेलिया और कनाडा से आए थे, जिन्होंने भारतीय करेंसी के साथ-साथ डॉलर भी उड़ाए।
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। कुछ लोग कह रहे हैं कि शादी में करोड़ों रुपए लुटाए गए, लेकिन इस दावे को गलत बताया गया है। शादी में मौजूद डीजे मालिक निशान सिंह ने इस बारे में सफाई दी है। उनका कहना है कि यह उनके दोस्त की शादी थी और वहां उनका ही डीजे लगा हुआ था। निशान सिंह ने बताया कि शादी में करीब 2 से 3 लाख रुपए ही उड़ाए गए थे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर करोड़ों रुपए लुटाने की बात पूरी तरह गलत है।
नोट लुटाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
उनके मुताबिक, वहां ज्यादातर 10-10 रुपए के नोट थे, इसलिए रकम इतनी ज्यादा नहीं थी जितनी बताई जा रही है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और लोग अपने-अपने तरीके से इस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोग इसे दिखावा बता रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि यह सिर्फ खुशियां मनाने का तरीका है। फिलहाल यह शादी का वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है।
