नेपाल में आई भीषण बाढ़ और मलबे की तबाही के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं। इनमें कुछ वीडियो ऐसे हैं, जिन्हें देखकर लोगों की सांसें थम जा रही हैं। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में एक मां अपने दो छोटे बच्चों को लेकर तेज रफ्तार से सुरक्षित जगह की ओर भागती दिखाई दे रही है। पीछे से मलबे और पानी का खतरनाक सैलाब बढ़ता नजर आता है।
अपने बच्चों को बचाती मां (X/@IAjitDoval_IND)
पीछे मलबे का सैलाब, बच्चों को लेकर दौड़ी मां
वीडियो (Video) में दो बच्चे स्कूल यूनिफॉर्म में दिखाई देते हैं। आसपास का माहौल अचानक बदल जाता है। लोगों को जैसे ही खतरे का अंदाजा होता है, वे अपनी जान बचाने के लिए भागने लगते हैं। इसी दौरान बच्चों के साथ मौजूद महिला भी खतरे को समझ जाती है। महिला बिना समय गंवाए दोनों बच्चों का हाथ पकड़ लेती है और उन्हें लेकर ऊंची और सुरक्षित जगह की तरफ दौड़ पड़ती है। उसके पीछे धूल, मिट्टी, पत्थर और मलबा तेजी से आगे बढ़ता दिखाई देता है। कुछ ही सेकंड में जिस रास्ते से महिला और बच्चे भागे थे, वहां मलबे का सैलाब पहुंच जाता है। यही कुछ सेकंड इस वीडियो को बेहद डरावना बना देते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
मलबे से कुछ सेकंड पहले बचाए बच्चे
अगर महिला खतरे को समझने में थोड़ी भी देर करती, तो तीनों मुश्किल में पड़ सकते थे। इसी वजह से सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को ‘5 सेकंड का चमत्कार’ कह रहे हैं। वीडियो में चारों तरफ अफरा-तफरी दिखाई देती है। लोग चीखते हुए इधर-उधर भाग रहे हैं। कैमरा भी हिलता हुआ नजर आता है। अचानक धूल और मलबे का बड़ा गुबार पूरे इलाके को ढक लेता है। ऐसे में बच्चों को लेकर भागती मां की हिम्मत और तेजी लोगों का ध्यान खींच रही है।
नेपाल फ्लैश फ्लड का यह डरावना Video हुआ वायरल
सोशल मीडिया (Social Media) पर इस वीडियो को नेपाल में आई भीषण आपदा से जोड़कर शेयर किया जा रहा है। वीडियो में दिखाई देने वाला मलबे का तेज बहाव और आसपास का माहौल नेपाल में सामने आई तबाही की तस्वीरों से मिलता-जुलता बताया जा रहा है। हालांकि, वीडियो में नजर आ रही महिला और दोनों बच्चों की पहचान अभी सामने नहीं आई है। उनके नाम, गांव और वीडियो की सटीक जगह की भी आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है इसलिए वायरल वीडियो से जुड़े इन दावों को पूरी तरह पक्का मानना सही नहीं होगा। फिर भी वीडियो एक मां की उस फुर्ती और हिम्मत को जरूर दिखाता है, जो अपने बच्चों को बचाने के लिए खतरे के सामने भी नहीं रुकी। कुछ सेकंड का यह फैसला तीन जिंदगियों के लिए बेहद अहम साबित होता नजर आया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
