Manmohan Singh Death: देश पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। घर पर अकस्मात बेहोश होने के बाद उनको दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। बताया गया कि, रात करीब 8 बजे भर्ती होने के बाद, 26 दिसंबर को 9:51 बजे उनका निधन हो गया। इसके बाद से सोशल मीडिया पर देश भर से मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है। इसी कड़ी में आनंद महिंद्रा ने भी पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी है। अपने एक्स हैंडल से उन्होंने मनमोहन सिंह को विदाई देते हुए कहा, 'आप इस देश से प्यार करते थे।'
आनंद महिन्द्रा ने लिखा- 'अलविदा डॉ. मनमोहन सिंह। आपने इस देश से प्यार किया। और इसके लिए आपकी सेवा को लंबे समय तक याद रखा जाएगा। ओम शांति।' राजनेता की एक तस्वीर के साथ अपने पोस्ट का समापन किया।
आनंद महिंद्रा की पोस्ट पर कई यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में इस दुखद खबर पर अपनी प्रतिक्रिया दी। एक एक्स यूजर ने लिखा, 'आज हम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक मना रहे हैं। एक सुधारक और विद्वान के रूप में उनकी विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनकी आत्मा को शांति मिले।' वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा कि, 'पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। भारतीय अर्थव्यवस्था में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। हमने भारत के आर्थिक सुधारों के एक वास्तुकार को खो दिया।' वहीं, एक अन्य ने कहा कि, 'भारत ने उन महान नेताओं में से एक को खो दिया, जिन्हें विभिन्न राजनीतिक दलों और देशों से सम्मान प्राप्त हुआ। एक आर्थिक सुधारक। RIP। ओम शांति।'
गौरतलब है कि, मनमोहन सिंह के निधन से कुछ देर पहले एम्स ने बयान जारी किया था। इसमें लिखा गया था कि, 'अत्यंत दुःख के साथ हम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के 92 वर्ष की आयु में निधन की सूचना दे रहे हैं... उन्हें रात 8:06 बजे नई दिल्ली के एम्स की मेडिकल इमरजेंसी में लाया गया। तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।'
