Mahakumbh Viral Moments । Mahakumbh Glimpses । Mahakumbh Viral Videos : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 13 जनवरी से प्रारंभ हुआ सनातन संस्कृति और आस्था का सबसे बड़ा मेला महाकुंभ 26 फरवरी को सम्पन्न हो गया। महाकुंभ के दौरान 66 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई। 144 वर्षों में एक बार पड़ने वाले इस अद्भुत संयोग पर गजब की प्रशासनिक व्यवस्था भी देखने को मिली। जहां एक ओर श्रद्धालुओं को अध्यात्म से जुड़ने का मौका मिला तो वहीं, कुछ वायरल पलों का भी हिस्सा बनने को मिला। महाकुंभ में कई ऐसे लोग मिले जिनके वीडियोज ने सोशल मीडिया पर खूब तहलका मचाया। कुछ वीडियो में रिश्तों की खूबसूरती दिखी तो किसी में लोगों की अनोखी खासियत ने श्रद्धालुओं-दर्शकों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया। आइए देखते हैं महाकुंभ से कौन-कौन से 'रत्न' निकले:
1. IIT बाबा (IIT Baba Mahakumbh)
महाकुंभ में IIT बॉम्बे के एयरोस्पेस इंजीनियर से आध्यात्मिक साधक बने अभय सिंह की कहानी काफी चर्चा में रही। इनको 'आईआईटी बाबा' के नाम से जाना जाता है। उनके स्पष्ट विचार-विमर्श ने महोत्सव के अलावा उनको सोशल मीडिया पर काफी वायरल किया।
2. कलयुग का श्रवण
मुजफ्फरनगर के 65 वर्षीय व्यक्ति की कहानी भी काफी प्रेरणादायी और चर्चित रही। ये अपनी 92 वर्षीय मां को बैलगाड़ी से खींचकर त्रिवेणी संगम तक लाए। गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद। मलिक ने अपनी बेहतर स्थिति के लिए मां के आशीर्वाद को श्रेय दिया। सोशल मीडिया यूजर्स ने इनको 'कलयुग का श्रवण' बताते हुए इनकी खूब तारीफ की।
3. मोनालिसा
मध्य प्रदेश की 16 वर्षीय मोनालिसा भोसले भी महाकुंभ मेले में काफी चर्चा में रहीं। मेले में रुद्राक्ष की माला बेचने वाली इस लड़की का वीडियो खूब वायरल हुआ। यूजर्स इनकी खूबसूरत आंखें व चमकदार मुस्कान देख आकर्षित हो गए। वायरल होते ही मोनालिसा को बॉलीवुड में डेब्यू करने का मौका मिला। हालांकि, मोनालिसा की खूबसूरती आफत बनती भी नजर आई जिस वजह से इनको वापस इंदौर जाना पड़ा।
4. पति को वर्चुअल पवित्र स्नान
एक महिला ने अपने पति से वीडियो कॉल पर बात की और अपना फोन संगम के जल में डुबोकर पति को वर्चुअल स्नान कराया। इस वीडियो को देख लोगों ने इंटरनेट पर खूब मजे लिए।
5. हार्ले डेविडसन चलाने वाले बाबा
महाकुंभ मेले में एक संत हार्ले डेविडसन मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे। इनके स्वैग को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स काफी प्रभावित हुए।
6. डिजिटल स्नान
महाकुंभ में एक स्थानीय उद्यमी ने अनूठी 'डिजिटल स्कैन' सेवा शुरू की। ये सर्विस उनके लिए थी जो व्यक्तिगत रूप से उत्सव में शामिल नहीं हो सकते। एक शुल्क के लिए, उन्होंने व्यक्तियों की पासपोर्ट आकार की तस्वीरें लेकर जल में विसर्जित किया। इस बिजनेस ने भी सोशल मीडिया पर लोगों का खूब मनोरंजन किया।
7. 13,000 फीट पर महाकुंभ का ध्वज
प्रयागराज की अनामिका शर्मा ने बैंकॉक में 13,000 फीट की ऊंचाई पर महाकुंभ का ध्वज फहराया। इंस्टाग्राम पर इनके वीडियो ने खूब सुर्खियां बटोरीं जिसमें ये दुनिया के लोगों से महाकुंभ का हिस्सा बनने की अपील करती दिख रही हैं।
8. भंडारे में हैरी पॉटर 2.0
महाकुंभ मेले में 'हैरी पॉटर' से काफी मिलता-जुलता शख्स भी महाप्रसाद का आनन्द लेता दिखा। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक छोटे से क्लिप में, पफर जैकेट और जींस पहने हुए इस व्यक्ति को पत्तल (सूखे पत्तों से बनी प्लेट) पर खाना खाते हुए देखा गया। लोगों को इनके लुक्स ने काफी प्रभावित किया।
इन लोगों के अलावा भी महाकुंभ मेले के कई वीडियो वायरल हुए। जिसमें परंपरा और आधुनिकता के अनूठे मिश्रण को दर्शाया गया है।
