Desi Jugaad Video: सोशल मीडिया पर हर दिन जुगाड़ के कई वीडियो वायरल होते रहते हैं। एक बार फिर ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें हर घर में रोजाना इस्तेमाल होने वाला टूथब्रश है। हम रोज इससे दांत साफ करते हैं और जब यह घिस जाता है तो उसे कूड़ेदान में फेंक देते हैं। लेकिन पुराना टूथब्रश घर की सफाई में बहुत काम आ सकता है। खासकर उन जगहों पर, जहां हाथ या कपड़ा ठीक से नहीं पहुंच पाता।
अक्सर लोग पुराने ब्रश से टाइल्स के कोने, गैस स्टोव के आसपास जमी चिकनाई या छोटे-छोटे हिस्सों की सफाई कर लेते हैं। लेकिन आप इसे एक खास सफाई टूल में भी बदल सकते हैं।
ब्रश को गर्म कर बदल लें इसका आकार
इसके लिए सबसे पहले पुराने ब्रश को अच्छी तरह धोकर सुखा लें, ताकि उस पर लगी गंदगी साफ हो जाए। अब ब्रश को नया आकार देना है। ब्रश के पीछे वाले प्लास्टिक हिस्से को हल्की आंच के पास कुछ सेकंड तक रखें। ध्यान रखें कि आग बहुत तेज न हो। जब प्लास्टिक थोड़ा नरम हो जाए, तो सावधानी से उसे मोड़ लें। आप इसे यू (U) आकार में मोड़ सकते हैं। ध्यान रखें कि ज्यादा दबाव न डालें, वरना ब्रश टूट सकता है। ठंडा होने पर यह नई शेप में सख्त हो जाएगा। इस बदले हुए ब्रश से आप मिक्सी के उस हिस्से की सफाई कर सकते हैं, जहां जार फिट होता है।
वहां अक्सर मसाले या जूस के दाग जम जाते हैं, जिन्हें साफ करना मुश्किल होता है। यह यू शेप ब्रश उन तंग जगहों में आसानी से पहुंच जाता है।
इसके अलावा, आप इसे गैस बर्नर के नीचे, फ्रिज की रबर सील, वॉशिंग मशीन के कोनों, खिड़की की रेलिंग के आसपास भी इस्तेमाल कर सकते हैं। जहां भी छोटी और संकरी जगह हो, वहां यह टूल काम आएगा। इस तरह पुराना टूथब्रश फेंकने के बजाय आप उसे काम की चीज में बदल सकते हैं। बता दें इस वीडियो को सोशल मीडिया के एक्स पर @healthcaree_ नामक अकाउंट पर शेयर किया गया है। जिसे अभी तक 2 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
