Virat Kohli: दुआओं में बहुत ही ज्यादा ताकत होती है। कई बार दुआओं से असंभव दिखने वाली चीज भी संभव हो जाती है। हम सभी जानते हैं कि भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के लिए पिछले तीन साल बहुत ज्यादा अच्छे नहीं रहे हैं। साल 2019 से लेकर साल 2022 तक उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक भी सेंचुरी नहीं मारी थी। वह लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे थे। हालांकि उनके फैंस लगातार दुआ कर रहे थे। इसी क्रम में एक शख्स ने मन्नत मांगी थी कि जब तक कोहली 71वां शतक नहीं लगा देते हैं, तब तक वह शादी नहीं करेंगे।
विराट कोहली के फैन ने मांगी थी खास दुआ
इसके बाद जो हुआ, वह एक तरह से चमत्कार ही है। विराट कोहली के डाय हार्ट फैन अमन अग्रवाल साल 2019 में भारत का एक मैच स्टेडियम में देखने पहुंचे थे। इस मैच में उन्होंने चीयर बोर्ड पर लिखा था कि वह तब तक शादी नहीं करेंगे, जब तक विराट कोहली अपनी 71वीं सेंचुरी ना मार दें। हालांकि, उसके बाद तीन साल तक कोहली ने कोई सेंचुरी नहीं मारी और शख्स ने तीन साल तक शादी नहीं की। जब कोहली ने साल 2022 में एशिया कप में अपनी 71वीं सेंचुरी जड़ी तो शख्स ने शादी करने का फैसला किया।
चमत्कार कहें या दुआओं में शक्ति
यहां तक तो सब कुछ नॉर्मल था लेकिन सबसे चमत्कारिक बात तब हुई जिस दिन शख्स की शादी थी। दरअसल, शख्स की शादी के दिन ही कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ 74वीं सेंचुरी जड़कर अमन अग्रवाल को एक खास तोहफा दिया। अमन अग्रवाली की शादी वाले दिन विराट कोहली ने नाबाद 166 रन की शानदार पारी खेली। इसके बाद शख्स ने दूल्हे के वेशभूषा में कोहली की सेंचुरी के बाद टीवी के पास खड़े होकर फोटो खिंचवाई। इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर अपलोड की। इसके साथ ही शख्स ने वह फोटो भी अपलोड की, जिसमें उन्होंने लिखा था तभी शादी करेंगे जब कोहली 71वां शतक लगाएंगे। अमन अग्रवाल ने ट्विटर पर तस्वीर पोस्ट करते हुए कैप्शन लिखा, "मैंने 71वां शतक मांगा था, लेकिन मेरे खास दिन पर विराट ने 74वां शतक लगा दिया।"
