सोशल मीडिया (Social Media) पर अक्सर ऐसे वीडियो देखने को मिलते हैं, जो चेहरे पर मुस्कान लाने के साथ दिल भी जीत लेते हैं। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है। जिसमें हैदराबाद के दो स्कूली बच्चे एक सुपरकार को देखकर खुश हो रहे थे लेकिन उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में उन्हें इस शानदार कार में बैठने और सवारी करने का मौका मिलने वाला है। इस दिल छू लेने वाले वीडियो को लोग बहुत पसंद कर रहे हैं।
बच्चों को कराई सुपरकार की सवारी (सांकेतिक तस्वीर, AI Generated Image)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
दूर से कार को देख रहे थे बच्चे
वीडियो (Video) को लेकर बताया जा रहा है कि यशविका और विहान नाम के दो स्कूली बच्चे हैदराबाद के बिजनेसमैन निशांत सबू के शोरूम के बाहर खड़े होकर कारों को बड़े ध्यान से देख रहे थे। वहां मौजूद एक महंगी सुपरकार ने उनका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। दोनों बच्चे दूर से ही कार को निहारने लगे और उसके साथ तस्वीरें खिंचवाने की कोशिश करने लगे। निशांत ने जब बच्चों को कारों के प्रति इतना उत्साहित देखा, तो उन्होंने उन दोनों को अपने शोरूम के अंदर बुलाया और सुपरकार के साथ तस्वीरें खिंचवाने का मौका दिया। बच्चों के लिए यह अपने आप में बेहद खास अनुभव था। जिस कार को वे अब तक दूर से देखकर खुश हो रहे थे, उसे अब वे करीब से देख सकते थे।
दूसरी बार आए तो मिली सुपरकार की सवारी
इस कहानी का सबसे खास हिस्सा इसके बाद सामने आया। निशांत ने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि जब यशविका और विहान दोबारा उनके KAVACA शोरूम पहुंचे, तो उन्होंने बच्चों को फिर से देखा। इस बार उन्होंने बच्चों की खुशी को और भी दोगुना कर दिया। उन्होंने दोनों बच्चों को अपनी सुपरकार में सवारी करने को कहा। वीडियो में आप देख सकते हैं कि निशांत नीले रंग की अपनी सुपरकार को ड्राइव करते दिख रहे हैं। वहीं, दोनों बच्चे खुशी-खुशी कार में बैठते हुए दिख रहे हैं। उनके चेहरों पर नजर आ रही खुशी इस पल को और भी खास बना देती है। बच्चों के पिता भी इस अनुभव से काफी खुश नजर आ रहे हैं। निशांत ने बताया कि बच्चों और उनके पिता के चेहरों पर खुशी देखना उनके लिए अनमोल था।
सोशल मीडिया पर लोग कर रहे तारीफ
वीडियो (Video) सामने आने के बाद सोशल मीडिया (Social Media) यूजर्स निशांत के इस कदम की सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि किसी की छोटी-सी इच्छा पूरी करना भी उसके लिए बड़ी खुशी बन सकता है। यशविका और विहान के लिए यह सिर्फ सुपरकार देखने का मौका नहीं था, बल्कि अपनी पसंदीदा सुपरकार में बैठकर सवारी करने का यादगार अनुभव भी बन गया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
