World's Tallest Dog Zeus Passed Away: दुनिया में कई ऐसे जानवर और इंसान हैं, जिनके पास कोई न कोई रिकॉर्ड है। कुछ ऐसा ही था जीउस, जिसकी कल सुबह मौत हो गई। 12 सितंबर 2023 को उसने अपनी आखिरी सांस ली। उसे काफी गंभीर बीमारी थी, जिसके चलते उसकी जान गई। ऐसे में दुनिया का सबसे लंबा कुत्ता अब हमारे बीच नहीं रहा। बताया जा रहा है कि नवंबर में वह पूरे चार साल का हो जाता।
बता दें, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी उसका नाम दर्ज था। साल 2022 में इस कुत्ते की लंबाई 1.046 मीटर (3 फीट 5.18 इंच) नापी गई थी। पशु चिकित्सकों का कहना है कि जीउस हड्डी के कैंसर नामक गंभीर बीमारी से पीड़ित था, जिसका इलाज लंबे समय से चल रहा था। इलाज के दौरान उसका दाहिना पैर भी काटना पड़ा। लेकिन दुखद बात यह है कि हम सभी उसे बचा नहीं सके।
ऑपरेशन के बाद जीउस को हो गया था निमोनिया
डॉक्टरों के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद जीउस को निमोनिया हो गया था, जिससे उसके लिए घातक साबित हुई। इस जानकारी को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है। इस पोस्ट पर काफी यूजर्स जीउस के लिए भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित कर रहे हैं और अपना दुख जाहिर कर रहे हैं। बता दें, यह कुत्ता ग्रेटडेन प्रजाति का है, जो अपने विशाल आकार के लिए जानी जाती है। जीउस के मालिक का नाम ब्रिटनी डेविस है, यह कुत्ता उनके भाई ने उन्हें गिफ्ट किया था।
