Ajab Gajab: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के हमीदपुर गांव से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादी में उस समय जमकर हंगामा मच गया जब खाना परोसने में देरी होने पर दूल्हे ने शादी तोड़ दी। दूल्हे के ऐलान करते ही दुल्हन सन्न रह गई। दावा किया जा रहा है कि, दूल्हे ने कुछ ही देर बाद किसी और से शादी कर ली। इतना होते ही इस घटना से दुखी दुल्हन के परिवार ने औद्योगिक नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। जब पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया तो उन्होंने 24 दिसंबर को पुलिस अधीक्षक (एसपी) के समक्ष मामला दर्ज कराया। दुल्हन के परिवार ने 7 लाख रुपये का नुकसान होने का दावा किया है जिसमें 1.5 लाख रुपये दहेज के रूप में दिए गए थे। दुल्हन ने दूल्हे के परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
गौरतलब है कि, लड़के और लड़की की शादी सात महीने पहले तय की गई थी। तद्नुरुप 22 दिसंबर को पारंपरिक समारोहों के साथ शादी की शुरुआत हुई। दुल्हन के परिवार ने बारातियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और बाद में रात का खाना परोसा। हालांकि खाने के दौरान दूल्हे पक्ष के एक सदस्य ने रोटियां परोसने में देरी करने का आरोप लगाया। दुल्हन पक्ष के लोगों ने उन्हें शांत कराने का प्रयास किया मगर असफल रहे। स्थिति तब और बिगड़ गई जब मेहताब नाम का दूल्हा रात में गायब हो गया। रिपोर्ट्स बताती हैं कि उसने जल्द ही एक रिश्तेदार से शादी कर ली, जिससे दुल्हन और उसका परिवार अपमानित हो गया।
बता दें कि, लड़की के पक्ष ने मेहताब पर एफआईआर भी दर्ज कराई। मगर कार्रवाई न होने पर उन्होंने एसपी से गुहार लगाई। लड़की के भाई राजू ने एसपी के आश्वासन के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता की आलोचना की। उन्होंने अधिकारियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर निराशा व्यक्त की।
(डिस्क्लेमर: यह खबर वायरल दावों और आरोप-प्रत्योरोपों पर आधारित है, अत: टाइम्स नाउ नवभारत इससे जुड़े किसी भी फैक्ट या दावे की पुष्टि नहीं करता है।)
