क्या है थप्पड़ कांड का पूरा मामला
बताया जा रहा है कि, जयपुर के एक बड़े रेस्टोरेंट में एल्विश यादव (Elvish Yadav) पहुंचे थे। वायरल वीडियो में वहां काफी लोग भी मौजूद दिख रहे हैं। इसी बीच काली जैकेट पहने एल्विश यादव (Elvish Yadav) ने अचानक से एक शख्स को थप्पड़ जड़ दिया। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने थप्पड़ खाने वाले शख्स को मुनव्वर फारुकी (Munawar Faruqui) का फैन बताया जो हिन्दू धर्म और एल्विश की मां को गालियां दे रहा था। हालांकि कई लोगों ने गालियां देने वाली बात को सच माना।
बता दें कि, एल्विश यादव (Elvish Yadav) की पीआर टीम ने अभी तक इस घटनाक्रम पर कोई टिप्पणी नहीं की है। जबकि, घटनाक्रम पर एल्विश का एक बयान वायरल हो रहा है। वैसे हम आपको पहले ही बता देना चाहते हैं कि, टाइम्स नाउ नवभारत ऐसे किसी वायरल वीडियो, बयान या दावे की पुष्टि नहीं करता है।
एल्विश यादव ने क्या कहा
एक वायरल वीडियो में एल्विश कहते दिख रहे हैं कि, 'देखो भाई मैटर ये कि ना मेरे को लड़ाई करने का शौक है, ना हाथ उठाने का शौक है। मैं अपने काम से काम रखकर नॉर्मल चलता हूं। जो फोटो खिंचवाने को कहता है, फोटो खिंचवाता हूं। और तुम्हे दिख रहा है कि साथ में पुलिस भी चल रही है और कमांडो भी हैं कि कुछ गलत कर दिया और पता नहीं चलेगा। लेकिन अगर कोई मुझे मां-बहन की गाली देगा तो मैं नहीं छोड़ूंगा। उसने मुझे बोला और मैंने जाके उसे दे दिया। उसने गाली बकी तो मैंने उसे दे दिया। मैं अपने स्टाइल का हूं। वो मुंह से बोलता है, हम मुंह से नहीं बोल पाते भाई।' गौरतलब है कि, इस पूरी घटना के बाद आज सुबह से एक्स पर #ElvishYadav ट्रेंड कर रहा है जिस पर अब तकरीबन हजारों लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे चुके हैं।
