chatGPT ने 2 लाख रुपये से अधिक का ट्रैवल रिफंड दिलाया ? वायरल दावे पर यूजर्स ने शख्‍स से मांगा सबूत, देखें पोस्‍ट

Viral News: यह कहानी सोशल मीडिया और रेडिट पर तेजी से वायरल हुई। एक यूजर ने कहा कि, 'यह वास्तव में प्रतिभाशाली है।' मगर कई यूजर्स ने इस दावे से असहमति जताई और रिफंड के सबूत मांगे।

Viral News: एक रेडिट यूजर की पोस्‍ट ने इन दिनों सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। दरअसल, शख्‍स ने दावा किया कि, कैसे चैटजीपीटी ने उसे एक नॉन-रिफंडेबल यात्रा से 2,500 डॉलर से अधिक की राशि वसूलने में मदद की। ''कभी भी 'नहीं' को जवाब के तौर पर न लें" शीर्षक वाली पोस्ट में रेडिटर ने बताया कि कैसे उन्होंने एक्सपीडिया के ज़रिए कोलंबिया के मेडेलिन के लिए एक फ़्लाइट और होटल पैकेज बुक किया था मगर स्‍वास्‍थ्‍य कारणों से उनको आखिरी समय में इसे रद्द करना पड़ा। न तो एयरलाइन और न ही होटल ने कैंसल की अनुमति दी और उन्होंने यात्रा के बीमा का विकल्प भी नहीं चुना था। ऐसे में हजारों डॉलर खोने के बाद उन्‍होंने ChatGPT-4o से मदद मांगी। उन्होंने अपनी स्थिति के बारे में बताया और डॉक्टर का नोट प्राप्त किया, जिसके बाद ChatGPT का उपयोग करके उन्होंने कुछ कागज़ात बनवाए।

चैटजीपीटी का उपयोग।

पोस्ट के अनुसार, एक्सपीडिया ने शुरू में सख्त नो-रिफंड पॉलिसी का हवाला दिया और होटल ने अपवाद बनाने से इन्कार कर दिया, मगर ChatGPT से बने पत्र ने चीजों को बदल दिया। उन्होंने लिखा, 'होटल ने मुझे मेडिकल कंडीशन के कारण रिफंड दिया।' गौरतलब है कि, एयरलाइन की नीति के अनुसार केवल मृत्यु या लाइलाज बीमारी की स्थिति में ही रिफंड दिया जाता है, इसलिए एयरलाइन से सहयोग नहीं मिला। Redditor ने इस प्रतिक्रिया को ChatGPT के साथ साझा किया, जिसने फिर एक और पत्र लिखा जिसमें बताया गया कि मानसिक स्वास्थ्य की स्थिति यात्रा को किस तरह से प्रभावित कर सकती है। एक घंटे के भीतर, एयरलाइन ने कथित तौर पर रिफंड जारी करने पर सहमति जताई। आगे पोस्‍ट में लिखा, 'अगर मैंने ChatGPT का इस्तेमाल नहीं किया होता, तो मुझे एक पैरालीगल को नियुक्त करना पड़ता... इससे मैं 2,500 डॉलर खोने से बच गया।' हालांकि, टाइम्‍स नाउ नवभारत रेडिटर के इस दावे से जुड़े किसी तथ्‍य की पुष्टि नहीं करता है।

End of Feed