भारत के गली-मोहल्लों में घूम रहे देसी Batman-Spiderman, सोशल मीडिया पर क्रिएटर्स ने शुरू की नई सुपरहीरो लीग

सोशल मीडिया पर देसी सुपरहीरोज़ का नया ट्रेंड छाया हुआ है। बैटमैन से स्पाइडरमैन तक, क्रिएटर्स हर सुपरहीरो के नए देसी अंदाज में मजेदार सीरीज बना रहे हैं।

सुपरहीरोज़ की दुनिया में अब सिर्फ हॉलीवुड का जलवा नहीं रह गया है। सोशल मीडिया पर इन दिनों देसी सुपरहीरोज़ की कहानियां खूब चर्चा बटोर रही हैं। बैटमैन, स्पाइडरमैन, थॉर और दूसरे मशहूर सुपरहीरो अब नए देसी अंदाज में नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि लोग सिर्फ इन किरदारों के वीडियो ही नहीं देख रहे, बल्कि इनके ऊपर पूरी-पूरी सीरीज बना रहे हैं। इसके अलावा कुछ क्रिएटर्स इन सुपरहीरोज़ के तर्ज पर देसी सुपरहीरो को भी तैयार कर रहे हैं। गमछा मैन जैसे सुपरहीरो इसी ट्रेंड की देन है, जिसे सोशल मीडिया क्रिएटर ने अपनी कहानी के लिए तैयार किया है। इन सीरिज में कहीं सुपरहीरो भारतीय गलियों में घूमते दिखाई दे रहे हैं, तो कहीं उनका अंदाज और उनके कारनामे बिल्कुल देसी रंग में नजर आ रहे हैं।

desi superheroes batman spiderman thor viral trend on social media

सोशल मीडिया पर छाया देसी सुपरहीरोज़ के वीडियो (Instagram/@surajstk, @yashsavla.ai, @sujaljaiswar)

बैटमैन से स्पाइडरमैन तक, सबका बदला अंदाज

अब तक आपने बैटमैन (Batman) को गोथम सिटी की सड़कों पर अपराधियों से लड़ते देखा होगा। वहीं स्पाइडरमैन (Spiderman) को ऊंची-ऊंची इमारतों के बीच जाले के सहारे झूलते देखा होगा लेकिन सोशल मीडिया पर इन किरदारों का एक अलग ही रूप देखने को मिल रहा है। यहां सुपरहीरो सिर्फ दुनिया बचाने में नहीं लगे हैं, बल्कि उन्हें भारतीय माहौल और रोजमर्रा की जिंदगी से जोड़कर दिखाया जा रहा है। उनके पहनावे, बातचीत और आसपास के माहौल में भी देसी रंग देखने को मिलता है। इन वीडियो को सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स AI टूल्स के जरिए तैयार कर रहे हैं। जो इस वक्त सोशल मीडिया पर नया ट्रेंड बना हुआ है।

एक वीडियो नहीं, पूरी कहानी लेकर आ रहे क्रिएटर्स

इस ट्रेंड की सबसे दिलचस्प बात यह है कि कंटेंट क्रिएटर्स अब सिर्फ एक छोटा वीडियो बनाकर नहीं रुक रहे हैं। वे अलग-अलग किरदारों को लेकर पूरी सीरीज तैयार कर रहे हैं। हर वीडियो में कहानी को आगे बढ़ाया जाता है और दर्शकों के सामने एक नया ट्विस्ट पेश किया जाता है। कई बार इन कहानियों में कॉमेडी का तड़का देखने को मिलता है, तो कभी एक्शन और ड्रामे के जरिए दर्शकों को बांधने की कोशिश की जाती है। यानी जिन सुपरहीरोज़ को लोग अब तक बड़े पर्दे पर देखते आए हैं, उन्हें अब मोबाइल की छोटी स्क्रीन पर बिल्कुल नए अंदाज में पेश किया जा रहा है।

देसी अंदाज और मजेदार कहानियां बन रहीं खास

इन वीडियो की लोकप्रियता की एक बड़ी वजह इनका देसी अंदाज भी है। विदेशी सुपरहीरो को भारतीय माहौल में दिखाने से कहानियां लोगों को ज्यादा मजेदार लगती हैं। उनके साथ ऐसी परिस्थितियां दिखाई जाती हैं, जिनसे आम लोग भी खुद को जोड़ पाते हैं। यही वजह है कि बैटमैन और स्पाइडरमैन जैसे किरदारों को नए रूप में पेश करने का आइडिया सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। क्रिएटर्स भी अलग-अलग प्रयोग करके इन कहानियों को और दिलचस्प बनाने में लगे हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

End Article
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करत...

End of Feed