Viral Video: भारतीय शादियों में अब सिर्फ सात फेरे और दावत ही मुख्य आकर्षण नहीं रहे, बल्कि 'ग्रैंड ब्राइडल और ग्रूम एंट्री' एक अलग ही स्तर पर पहुंच चुकी है। कभी विंटेज कार, कभी बुलेट की गूंज, तो कभी आसमान से फूलों की बारिश के बीच स्टेज पर पहुंचने का ट्रेंड आम हो गया है। लेकिन, सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो सुर्खियां बटोर रहा है, जिसे देखकर हर कोई अपना सिर पकड़ने को मजबूर है। वायरल क्लिप में एक दूल्हा और दुल्हन पारंपरिक अंदाज को छोड़कर एक विशालकाय पारदर्शी गुब्बारे के अंदर पैक होकर शादी समारोह में एंट्री लेते नजर आ रहे हैं।
दूल्हा-दुल्हन की धांसू एंट्री (तस्वीर साभार- @byomkesbakshy)
31 सेकंड के इस वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि रात के समय शादी के वेन्यू पर लाल रंग के भारी लहंगे में सजी दुल्हन और काले रंग के थ्री-पीस सूट में दूल्हा एक बेहद बड़े ट्रांसपेरेंट प्लास्टिक बलून के अंदर खड़े हैं। जैसे-जैसे यह गुब्बारा रेड कार्पेट पर आगे लुढ़कता है, अंदर खड़े दूल्हा-दुल्हन को कदम से कदम मिलाकर चलना पड़ रहा है। वीडियो में कपल के चेहरे के हाव-भाव से साफ झलक रहा है कि वे इस अनोखी एंट्री का आनंद लेने के बजाय खुद को संभालने और संतुलन बनाए रखने में काफी असहज महसूस कर रहे हैं। गुब्बारे के अंदर हवा और जगह सीमित होने के कारण दोनों बेहद संभलकर छोटे-छोटे कदम बढ़ा रहे हैं, जबकि बाहर मौजूद इवेंट टीम के सदस्य और मेहमान हाथों से बलून को संभालते और आगे की ओर धकेलते दिख रहे हैं। जैसे ही यह विशालकाय बलून समारोह स्थल में दाखिल होता है, वहां मौजूद बाराती और मेहमान इस नजारे को देखकर हैरान रह जाते हैं। वीडियो में आसपास खड़े लोग अपनी आंखें फाड़कर इस दृश्य को निहारते और अपने स्मार्टफोन में कैद करते नजर आ रहे हैं। देखें वीडियो...
नजारा देख चौंके लोग
वीडियो देखकर आप भी जरूर चौंक गए होंगे। सोच रहे होंगे तो ये नेक्स्ट लेवल की शादी है। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। एक्स पर इस वीडियो को byomkesbakshy नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं। इतना ही नहीं वीडियो पर यूजर्स जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा कि भाई अब बस यही देखना बाकी रह गया था। रील्स के चक्कर में कल को लोग रॉकेट या क्रेन से लटककर एंट्री करेंगे क्या? एक अन्य यूजर ने लिखा कि दूल्हा-दुल्हन की एंट्री देख ये शादी कम और कोई साइंस एक्सपेरिमेंट ज्यादा लग रहा है। अंदर ऑक्सीजन कैसे पहुंच रही होगी? जबकि, कुछ लोगों का कहना है कि अरे भाई, गलती से भी किसी बच्चे ने पिन या नुकीली चीज चुभा दी, तो सारा जश्न और स्वैग हवा में उड़ जाएगा। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
