Health is Wealth ये एक अंग्रेजी में कहावत है। जिसका अर्थ है 'स्वास्थ्य ही धन है'। पर क्या आपका स्वास्थ्य आपको एक मुफ्त में लग्जरी कार दिला सकता है? इस पर आपका जवाब होगा नहीं। पर ऐसा एक देश में होने वाला है। इसके लिए उन्होंने अपने लोगों को ऑफर दिया है। जिसके मुताबिक उनसे कहा गया है कि तीन महीने में 50 किलो वजन कम करने वाले को इनाम के तौर पर एक लग्जरी कार दी जाएगी। इस ऑफर के बारे में पढ़ने के बाद इंटरनेट पर यह काफी वायरल हुआ है, लेकिन इसने स्वास्थ्य विशेषज्ञों के बीच कम समय में अत्यधिक वजन घटाने के खतरों को लेकर गंभीर चिंताएं भी पैदा कर दी हैं।
तीन महीने में वजन घटाओ और इनाम पाओ (फोटो: iStock)
तीन महीने के अंदर 50 किलो वजन कम करने पर मिलेगा इनाम
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की रिपोर्ट के मुताबिक 23 अक्टूबर को उत्तरी चीन के शेडोंग प्रांत के बिनझोउ स्थित एक फिटनेस प्रशिक्षण केंद्र ने वजन घटाने के लिए इनाम में लग्जरी कार देने के बात कही। इस फिटनेस केंद्र की शर्त के मुताबिक तीन महीने के अंदर 50 किलो वजन कम करने वाले को इनाम के तौर पर एक शानदार पोर्श पैनामेरा देने का शानदार ऑफर दिया है।
इस कार की कीमत 1.1 मिलियन युआन है। जिसको अगर भारतीय रुपयों के मुताबिक समझें तो इसकी मार्केट कीमत करीब 1 करोड़ 37 लाख से ज्यादा है। इसको लेकर एक जिम कोच वांग ने जानकारी देते हुए कहा कि यह ऑफर पहले 30 लोगों के लिए ही है। उसके बाद इसका रजिस्ट्रेशन बंद कर दिया जाएगा। अब तक लगभग सात या आठ लोगों ने पंजीकरण करा लिया है।
फिटनेस कोच ने पहले ही साफ कर दिया कि इनाम में दी जाने वाली कार नई नहीं बल्कि 2020 मॉडल की पुरानी Porsche है, जो जिम के मालिक की खुद की है। इस कम समय में ज्यादा वजन घटाने की चुनौती को लेकर एक मेडिकल इन्फ्लुएंसर ने कहा कि इतनी तेजी से वजन घटाना से स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। उन्होंने तीन महीने को एक दिन में बांटते हुए कहा कि हर रोज 0.5 किलो वजन कम करना बहुत ज्यादा है।
