सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक लड़की अपने ऑफिस के मैनेजर पर गुस्सा हो रही है। लड़की वीडियो में बता रही है कि उसके मैनेजर ने ऐन मौके पर उसकी छुट्टी कैंसिल कर दी लेकिन उसे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि छुट्टी मिलेगी या नहीं। वह अपने छुट्टी पर निकल चुकी है और वह अब अपनी छुट्टी काटकर ही वापस ऑफिस में लौटेगी। भले उसकी नौकरी रहे या नहीं लेकिन वह छुट्टी के बाद ही अब देखेगी कि उसे क्या करना है।
इस लड़की का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल (X/@NewsAlgebraIND)
वीडियो में लड़की ने बताया पूरा मामला
वीडियो में दिख रही लड़की का नाम सिमरन है और वह वीडियो में बताती है कि उसने अपने मैनेजर को इस छुट्टी के बारे में कई हफ्ते पहले ही बता दिया था और उसे अच्छे से अपना ट्रैवल प्लान भी समझा दिया था। मैनेजर ने उस समय उसकी छुट्टी को लेकर कोई आपत्ति नहीं जताई लेकिन जब वह एयरपोर्ट पर फ्लाइट पकड़ने पहुंची, तभी उसके मैनेजर ने उसे बताया कि किसी जरूरी काम की वजह से उसकी छुट्टी कैंसिल कर दी गई है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में Momos बेचकर एक दिन में कितना कमा सकते हैं? जानने के लिए लड़के ने लगाया स्टॉल
“मैं अपनी जिंदगी जीने के लिए काम करती हूं”
अपने मैनेजर के इस बर्ताव से लड़की काफी नाराज दिखी। उसका कहना था कि अगर मैनेजर को छुट्टी नहीं देनी थी तो वह उसी वक्त बोल देता, ये क्या बात हुई कि जब बंदा अपने ट्रिप पर निकल जाए तो उसकी छुट्टी कैंसिल कर उसे वापस ऑफिस आने के लिए कहो। सिमरन ने कहा कि वह काम इसलिए करती है ताकि वह अपनी जिंदगी को खुलकर जी सके, घूम सके और खुश रह सके। अगर हर बार इमरजेंसी के नाम पर छुट्टियां रद्द होती रहीं, तो फिर वर्क-लाइफ बैलेंस का क्या ही मतलब रह जाता है?
लड़की का जवाब सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
आगे सिमरन ने कहा कि अब तो मैं छुट्टी पर निकल चुकी हूं, अब मेरा लैपटॉप 10 दिन बाद ही खुलेगा और उसी वक्त देखूंगी कि क्या हुआ है। चाहे मेरी जॉब रहे या ना रहे, “I Don’t Care.” सिमरन का यह बेबाक जवाब अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसे देख लोग अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अपनी राय रख रहे हैं। कई लोगों ने इसे कर्मचारियों के हक में एक मजबूत स्टैंड बताया तो कई लोगों ने GenZ के मूड स्विंग्स को दोषी ठहराया।
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया के हर एक प्लेटफॉर्म पर धड़ल्ले से शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो को हमने सोशल साइट एक्स पर पोस्ट किए गए अकाउंट @NewsAlgebraIND से लिया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और लाइक किया है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
