Bihar Unique Wedding: बिहार की एक शादी इन दिनों चर्चा में है। इस शादी में दूल्हा-दुल्हन की लंबाई चर्चा का विषय बनी हुई है। आम तौर पर देखा जाता है कि दूल्हा.. दुल्हन से लंबा होता है। जबकि इस शादी में दुल्हन दूल्हे से लंबी नजर आई। बड़ी बात यह है कि दूल्हे की लंबाई मात्र 3 फीट थी। अक्सर कहा जाता है कि जोड़ियां ऊपर से बनकर आती हैं। शायद यह जोड़ी भी ऊपर से ही बनकर आई है। इस जोड़ी की चर्चा बिहार समेत पूरे देश में हो रही है।
बिहार से सामने आया अनोखा मामला
मामला बिहार के छपरा जिले से सामने आया है। छपरा जिले के मढ़ौरा स्थित लेरुआ गांव में तीन फीट के एक लड़के की शादी उससे एक फीट लंबी यानि 4 फीट की लड़की से हुई। इस अनोखी शादी के बारे में सब जगह चर्चा हो रही है। यह अनोखी जोड़ी मीडिया में भी छाई हुई है। दूल्हा और दुल्हन दोनों पक्ष के लोगों का कहना था कि वह काफी समय से हाइट कम होने की वजह से अपनी बेटी और बेटे के लिए वर-वधू ढूंढ नहीं पा रहे थे। इस कारण उन्हें काफी परेशानियां उठानी पड़ रही थीं।
दोनों के घरवालों का कहना था कि अक्सर उन्हें हाइट कम होने की वजह से लोगों के ताने सुनने पड़ते थे कि उनकी शादी नहीं होगी। हालांकि, अब दोनों के परिवार के लोग बेहद खुश हैं। दोनों ही परिवार के लोगों को एक बार में ही रिश्ता पसंद आ गया था। दोनों का ‘चट मंगनी पट ब्याह’ हो गया। बिहार के इस अनोखे दूल्हे का नाम रोहित और दुल्हन का नाम नेहा है। रोहित 3 फीट के हैं, जबकि नेहा की लंबाई 4 फीट है। यानि नेहा अपने पति रोहित से एक फीट लंबी हैं।
