Viral News: बेंगलुरु की कॉरपोरेट लाइफ से जुड़े कई किस्से सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। इस किस्सों में कभी कोई प्रेरक प्रसंग होता है तो कोई मजेदार कहानी होती है। मगर हाल ही में एक ऐसा किस्सा सामने आया है जिसे सुनकर आप भी चौंक जाएंगे। दरअसल, यहां की एक महिला ने कैब बुक की थी और कैब में उसने ड्राइवर को देखा तो वो उस महिला का ही ऑफिस टीम लीडर निकला। एक्स यूजर ने एक वाट्सएप मैसेज का स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें उसने बताया कि उसने एक टैक्सी बुक की थी और टैक्सी चलाने वाला व्यक्ति उसका सहमकर्मी था।
महिला ने अपनी पोस्ट में लिखा कि, 'अजीब बात हुई, आप जानते हैं। मैंने कैब बुक किया और जिस व्यक्ति ने मुझे उठाया, वह मेरे ऑफिस में टीम लीडर था।' जब उससे कैब चलाने का कारण पूछा गया तो उसने बताया कि वह यह काम मजे के लिए और बोरियत दूर करने के लिए करता है। वायरल पोस्ट पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कई लोगों ने इस संयोग का मजाक उड़ाया मगर कुछ लोगों ने बेंगलुरु के ट्रैफिक के बीच कैब चलाने के टीम लीडर के फैसले को अजीब बताया।
एक यूजर ने अपने विचार व्यक्त करते हुए लिखा कि, 'समय बिताने के लिए घंटों तक ट्रैफिक में फंसे रहना? यह तो अजीब बात है!' दूसरे ने लिखा कि, 'जब मैं अमेरिका में काम करता था, तो एक बड़ी एमएनसी के सीईओ, जिन्हें हमने घर पर आमंत्रित किया था, ने कहा कि वे बिना किसी बाधा के एक होटल में सर्वर के रूप में काम करते हैं और हम उस समय काफी आश्चर्यचकित थे। यहाँ भारत में, यह एक बड़ी बात है। अगर यह सच है, तो वह जीवन में बहुत कुछ हासिल करेगा क्योंकि वह कड़ी मेहनत करता है। शुभकामनाएं।' तीसरे यूजर ने कहा कि, 'कोई भी इसे मजे के लिए नहीं करता, शायद फाइनेंशियल प्रॉब्लम का सामना कर रहा हो।' चौथे यूजर ने कहा कि, 'टीम लीडर के पास इतना खाली समय कैसे हो सकता है?'
गौरतलब है कि, जुलाई 2024 में, एक ऐसी ही वायरल पोस्ट में एक 35 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर को उजागर किया गया था, जो अकेलेपन को दूर करने के लिए वीकेंड में ऑटो-रिक्शा चलाता था, जिसकी एक तस्वीर में उसे गाड़ी चलाते समय अपनी कंपनी की हुडी पहने हुए दिखाया गया था।
