Delta Airline Pigeon Video: डेल्टा एयरलाइन की एक फ्लाइट में दो कबूतरों के कारण अफरा-तफरी मच गई। फ्लाइट में चढ़ने के कुछ देर के बाद एक कबूतर केबिन के चारों ओर उड़ने लगा। इस वजह से बड़ा कांड हो गया जिसके तहत विमान को वापस लौटना पड़ा। ग्राउंड क्रू ने उसे हटा दिया, मगर जैसे ही विमान टेकऑफ़ के लिए बाहर निकला उसी समय दूसरा कबूतर उड़ गया। इसके बाद विमान को दोबारा गेट तक वापस जाना पड़ा। यात्री टॉम काऊ द्वारा फिल्माए गए और एबीसी न्यूज द्वारा शेयर किए गए वीडियो में एक शख्स को अपनी जैकेट का उपयोग करके कबूतरों में से एक को पकड़ने का प्रयास करते हुए दिखाया गया है। यह घटना डेल्टा फ्लाइट 2348 में हुई, जो मिनियापोलिस से मैडिसन, विस्कॉन्सिन के लिए उड़ान भर रही थी। डेल्टा एयरलाइन ने इस असुविधा के लिए माफी मांगी है।
मंगलवार को एबीसी न्यूज को दिए गए एक बयान में एयरलाइन ने पुष्टि की कि उड़ान में 56 मिनट की देरी हुई और कहा कि वह 'प्रस्थान से पहले विमान से दो पक्षियों को सुरक्षित रूप से निकालने के लिए हमारे लोगों और हमारे ग्राहकों के सावधानीपूर्वक कार्यों की सराहना करती है और हम अपने यात्रियों से उनकी यात्रा में हुई देरी के लिए क्षमा चाहते हैं।' काऊ ने इंस्टाग्राम पर घटना का फुटेज शेयर किया।
कैप्शन में लिखा कि, 'जब मैं आज रात एमएसपी से डेल्टा फ्लाइट 2348 में चढ़ा, तो मैंने एक अन्य यात्री को फ्लाइट अटेंडेंट से यह कहते हुए सुना कि विमान में एक कबूतर है। पायलट ने माइक पर आकर पुष्टि की कि विमान में एक कबूतर था और कहा कि उसे इस स्थिति का कोई अनुभव नहीं है। इसके बाद बैगेज हैंडलर विमान में चढ़े और कबूतर को ले गए।' काऊ ने बताया कि जब विमान रनवे पर आने लगा तो एक दूसरा कबूतर आ गया। उसे भी पकड़ा लिया गया और हम वापस गेट पर थे। उन्होंने मज़ाक में कहा, 'मेरा अनुमान है कि कबूतर उड़ते-उड़ते थक गए थे और उन्हें नाश्ता चाहिए था। उन्हें नहीं पता था कि एमएसएन के लिए यह उड़ान डेल्टा के लिए पेय/स्नैक सेवा देने के लिए बहुत छोटी है।'
