Flipkart Shopping Fraud: बीते कुछ समय में ऑनलाइन शॉपिंग की डिमांड इतनी बढ़ गई है कि लोग इस पर एकदम से निर्भर हो गए हैं। न सिर्फ भारत में बल्कि पूरी दुनिया में लोग ऑनलाइन शॉपिंग के पीछे ही भागना पसंद कर रहे हैं। इसका मुख्य कारण है कि घर बैठे आप शॉपिंग कर सकते हैं। इसके लिए आपको कहीं भी जाने की जरूरत भी नहीं पड़ती और आपका टाइम भी बच जाता है। लेकिन कई बार लोगों के साथ कुछ फ्रॉड के बारे में भी सुनने को मिल जाते हैं। ऐसा ही एक मामला सुनने में आया है, जिसमें Flipkart जैसी बड़ी कंपनी का नाम आ रहा है।
Image Credit - Twitter
दरअसल, फेस्टिव सीजन के दौरान एक शख्स ने बड़ी स्क्रीन पर वर्ल्ड कप का आनंद लेने के लिए Flipkart से सोनी ब्रांड का एक टीवी खरीदा, जो एक लाख रुपए का था। लेकिन जब शख्स को ऑर्डर मिला और उसने डिब्बा खोला तो उसके होश ही उड़ गए। जैसे ही शख्स ने इन्स्टालेशन के लिए अनबॉक्सिंग की उसकी आंखें फटी की फटी रह गईं। बॉक्स में से सोनी की नहीं बल्कि थॉमसन की टीवी निकली। इतना ही नहीं, उसमें रिमोट, स्टैंड और बाकी एक्सेसरीज सब के सब गायब थे।
अनबॉक्सिंग करने पर दूसरे ब्रांड का निकला टीवी
यह पोस्ट ट्विटर अकाउंट @thetrueindian से आर्यन नाम के यूजर ने किया है, जिसमें उसने फ्लिपकार्ट से मिले सामान की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। इन फोटोज में आप देख सकते हैं कि डिब्बा तो है सोनी टीवी का है लेकिन अंदर थॉमसन का टीवी है। इसके अलावा इसमें कुछ भी नहीं है। ऐसे में आर्यन ने फ्लिपकार्ट को टैग करते हुए लिखा है, 'मैंने 7 अक्टूबर को फ्लिपकार्ट से सोनी टीवी ऑर्डर किया, जिसकी डिलीवरी 10 अक्टूबर को हुई लेकिन जब सोनी की ओर से आए शख्स ने उसकी अनबॉक्सिंग की तो वे दोनों शॉक्ड रह गए।'
शख्स ने सोशल मीडिया पर मांगी मदद
आर्यन का आरोप है फ्लिपकार्ट पर टीवी के लिए रिटर्न रिक्वेस्ट डालने के तीन हफ्ते बाद भी अभी तक कोई मदद नहीं मिली है। और तो और कंपनी की ओर से Issue Resolved बताकर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की गई। इसलिए अब आर्यन ने सोशल मीडिया पर लोगों से मदद की अपील की है। इस पोस्ट को अब तक 24 लाख से अधिक लोग देख चुके हैं। इस पर कई यूजर्स उन्हें सलाह देते हुए भी नजर आ रहे हैं। इस पर आर्यन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
