वायरल न्यूज़

Ajab Gajab: सोना निकलने की अफवाह और टूट पड़े लोग, रातों-रात खोद डाले पूरे खेत और फिर...

Ajab Gajab News: दक्षिण अफ्रीका के एक टाउनशिप में सोना मिलने की अफवाह के बाद लोगों की भीड़ खुदाई करने पहुंच गई। बेरोजगारी और गरीबी से जूझ रहे कई लोगों ने मिट्टी में सोना तलाशना शुरू कर दिया। बाद में प्रशासन ने इसे अवैध खनन बताते हुए कार्रवाई की और खुदाई रुकवा दी।

Image

Shocking news: सोने की अफवाह और उमड़ी भीड़ (फोटो: iStock)

South Africa Gold Rush: दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग से करीब 30 मील दूर एक टाउनशिप में हाल ही में सोना मिलने की अफवाह ने हलचल मचा दी। गुगुलेथु नाम की इस बस्ती में खबर फैली कि एक खेत में गड्ढा खोदते समय किसी को सोना मिला है। बस फिर क्या था, बड़ी संख्या में बेरोजगार लोग वहां पहुंच गए और खुदाई शुरू कर दी। दो हफ्तों से भी कम समय में यह जगह अस्थायी “सोना खोज” का केंद्र बन गई। स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज के इलाकों से भी लोग वहां पहुंचने लगे। मिट्टी के बैग भरकर लोग उसमें सोना तलाशने लगे। कुछ लोगों का दावा था कि उन्हें थोड़ा-बहुत सोना मिला भी है।

प्रशासन ने इस गतिविधि को बताया अवैध खनन

द गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक 19 साल की नोम्सा जमांगिले ने बताया, “हम भूखे हैं, कोई काम नहीं है।” उसने अपनी बहन और दोस्तों के साथ मिट्टी के 15 बैग निकाले। उनका कहना था कि उन्हें थोड़ी कमाई हुई, जिससे उन्होंने खाना खरीदा और जरूरी खर्च पूरे किए। इस इलाके में बेरोजगारी दर करीब 42 प्रतिशत है और कई लोग गरीबी रेखा से नीचे जीवन बिता रहे हैं। हालांकि प्रशासन ने इस गतिविधि को अवैध खनन बताया।

नगर पालिका के अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया, उपकरण जब्त किए और खुदाई के गड्ढों को भर दिया। अधिकारियों ने कहा कि सोना मिलने की खबर की पुष्टि नहीं हुई है।

दक्षिण अफ्रीका में सोने का इतिहास पुराना

दक्षिण अफ्रीका (South Africa) में सोने का इतिहास पुराना है। 1886 में सोना मिलने के बाद जोहान्सबर्ग तेजी से विकसित हुआ था। लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। पुराने खनन क्षेत्रों में कई जगह अवैध खनन होता है, जिसे रोकने के लिए सरकार सख्ती कर रही है। गुगुलेथु की यह घटना सिर्फ सोने की तलाश नहीं, बल्कि वहां के लोगों की मजबूरी को भी दिखाती है। रोजगार की कमी और गरीबी ने लोगों को जोखिम उठाने पर मजबूर कर दिया। यह कहानी बताती है कि जब पेट खाली हो, तो उम्मीद की एक छोटी सी खबर भी बड़ी भीड़ खींच लाती है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article