Gavi Gangadhareshwara Temple Miracle: भारत में बहुत सारे रहस्यमयी और चमत्कारिक मंदिर हैं। आज हम आपको ऐसे ही एक रहस्यमयी मंदिर के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसमें हर साल मकर संक्रांति पर चमत्कार होता है। यह देश के प्राचीनतम मंदिरों में से है, जो भगवान शिव को समर्पित है। हम जिस मंदिर की बात कर रहे हैं, वह कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में स्थित है। कर्नाटक के इस प्राचीन शिव मंदिर का नाम गवी गंगाधरेश्वर है। इस मंदिर में हर साल भक्तों को एक अद्भुत चमत्कार देखने को मिलता है।
सूर्य भगवान करते हैं शिवलिंग का अभिषेक
आपको जानकर आश्चर्य होगा कि हर साल मकर संक्राति के दिन इस मंदिर में चमत्कार होता है। दरअसल मकर संक्रान्ति के मौके पर हर साल सूर्य देवता अपनी किरणों से इस मंदिर में स्थित शिवलिंग का अभिषेक करते हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि सिर्फ मकर संक्रांति के दिन ही ऐसा होता है, जबकि पूरे साल इस शिवलिंग पर सूर्य की किरण पहुंचती तक नहीं। मकर संक्रांति के दिन जब सूर्य भगवान उत्तरायण होते हैं, तभी 5 से 8 मिनट के लिए गर्भगृह तक सूर्य की किरणें पहुंचती हैं। इसका मतलब यह हुआ कि खुद सूर्य भगवान आकर शिवलिंग का अभिषेक करते हैं। यह नजारा हर बार सूर्यास्त के समय देखने को मिलता है।
9वीं शताब्दी में हुआ मंदिर का निर्माण
इस मंदिर का निर्माण 9वीं शताब्दी में हुआ है। इसका निर्माण कैम्पे गौड़ा द्वारा करवाया गया है। 16वीं शताब्दी में मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया। इस मंदिर की एक और सबसे खास बात यह है कि यहां मौजूद शिवलिंग स्वयंभू माना जाता है। इसका मतलब यह है कि इस शिवलिंग को किसी ने बनाया नहीं है। मान्यता है कि यह शिवलिंग खुद प्रकट हुआ है। मान्यता है कि गौतम ऋषि ने भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए मंदिर में तपस्या की थी।
