Ajab Gajab News: चीन से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 10 साल के लड़के ने अपने ही पिता के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया। मामला चीनी नव वर्ष पर मिलने वाले 'लाल लिफाफे' के पैसों से जुड़ा है। इन लाल लिफाफों में बड़े लोग बच्चों को शुभकामनाओं के साथ पैसे देते हैं, जिन्हें सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। यह घटना उत्तरी चीन के हेनान प्रांत के झेंग्झौ शहर की है। लड़के का नाम शियाओहुई बताया गया है। उसके माता-पिता का दो साल पहले तलाक हो गया था, जिसके बाद वह अपने पिता के साथ रह रहा था।
दूसरी शादी के लिए उड़ाए बच्चे के ‘लाल लिफाफे’ के पैसे (फोटो: AI/iStock)
पिता ने बेटे के बिना परमिशन के निकाले पैसे
साउथ चाइना मार्निंग पोस्ट के मुताबिक हर साल चीनी नव वर्ष पर उसे रिश्तेदारों और परिवार के लोगों से लाल लिफाफों में पैसे मिलते थे। धीरे-धीरे उसने 80,000 युआन से ज्यादा रकम जमा कर ली। यह सारा पैसा उसके पिता ने उसके नाम से खुले एक बैंक खाते में जमा कराया था। कुछ समय बाद शियाओहुई के पिता ने दोबारा शादी कर ली। इसके बाद लड़के को उसकी मां के पास रहने के लिए भेज दिया गया। इसी दौरान उसे पता चला कि उसके पिता ने बिना उसकी अनुमति के उसके बैंक खाते से पूरी रकम निकाल ली है। कुल मिलाकर 82,750 युआन, जिसमें मूलधन और ब्याज दोनों शामिल थे, शादी के खर्चों में इस्तेमाल कर लिए गए।
जब यह बात सामने आई तो मामला अदालत तक पहुंच गया। अदालत में यह तर्क दिया गया कि लाल लिफाफे में मिला पैसा बच्चे का व्यक्तिगत धन होता है और उस पर उसी का अधिकार है। आखिरकार अदालत ने बच्चे के पक्ष में फैसला सुनाया और पिता को पूरी राशि लौटाने का आदेश दिया।
यह मामला बताता है कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा कितनी जरूरी है। चाहे परिवार का मामला ही क्यों न हो, कानून बच्चों की मेहनत और उनकी संपत्ति की सुरक्षा करता है।
