Noida Traffic Update: आज नोएडा के इन जगहों पर ट्रफिक प्रभावित रहने की संभावना है, तो अगर आप नोएडा से आगरा जाने वाले यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जा रहे हैं तो इस अपडेट पर जरूर ध्यान दें। बता दें कि, आज नोएडा से आगरा यमुना एक्सप्रेसवे पर खंदोली, मथुरा, और जेवर तीनों टोल प्लाजा पर विशाल धरना होगा, जिसकी जानकारी भारतीय किसान यूनियन "भानू" के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने एक फेसबुक पोस्ट के जरिए दी। ऐसे में टोल प्लाजा के आसपास के इलाकों में ट्रफिक जाम लग सकता है।
नोएडा-आगरा यमुना एक्सप्रेसवे के लिए ट्रैफिक अलर्ट (सांकेतिक फोटो: Canva)
क्या था पोस्ट में?
पोस्ट के मुताबिक, भारतीय किसान यूनियन "भानू" के सभी सम्मानित पदाधिकारियों को सूचित किया जाता है कि दिनांक 12/12/2025 को समय सुबह 11:00 बजे नोएडा से आगरा यमुना एक्सप्रेसवे पर खंदोली, मथुरा, और जेवर तीनों टोल प्लाजा पर विशाल धरना दिया जाएगा! इसलिए समस्त भारतीय किसान यूनियन "भानू" के पदाधिकारी से निवेदन है कि सुबह 11:00 बजे ज्यादा से ज्यादा संख्या में और अपनी गाड़ियों के साथ धरना स्थल खंदोली टोल प्लाजा पर पहुंचे।
भारतीय किसान यूनियन ने क्या बताया?
टाइम्स नॉव नवभारत के अनुसार, भारतीय किसान यूनियन 'भानू' के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि खंदोली, मथुरा और जेवर के टोल प्लाजा पर अक्सर उनकी यूनियन की गाड़ियों को रोक दिया जाता है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि रोड टैक्स भरने के बाद उन्हें टोल टैक्स क्यों देना चाहिए।
हो सकती है देरी
ऐसे में अगर आप किसी जरूरी काम से इस दौरान घर से निकल रहे हैं तो इस बात का विशेष रूप से ध्यान दें कि, आप जाम में फंस सकते हैं तथा आपको अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हो सकती है, क्योंकि, धरने के दौरान कई गाड़ियां आएंगी जिनकी वजह से रोड जाम होने की पूरी संभावना रहेगी, जिससे अन्य लोगों को परेशानी होगी। हालांकि, नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने इससे जुड़ी कोई एडवाइजरी जारी नहीं की है।
