Zomato Delivery: अपना मनपसंद खाना खाने का मन हो तो आपको अपने फोन में कोई भी फ़ूड डिलीवरी ऐप खोलकर बस खाना ऑर्डर करना होता है। लेकिन कई बार डिलीवरी करने आये व्यक्ति के पास खुल्ले पैसे नहीं होते जिस वजह से आपको दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इतना ही नहीं, कई बार डिलीवरी पार्टनर चालाकी करते हुए खुल्ले पैसे न होने का बहाना बनाते हैं ताकि वह जबरदस्ती टिप वसूल सकें। लेकिन अब जोमैटो (Zomato) एक ऐसी सर्विस लेकर आया है जिसकी वजह से खुल्ले पैसों की समस्या को सुलझाया जा सकता है।
खुल्ले पैसों के नाम पर अब जबरदस्ती नहीं देनी होगी टिप, Zomato लाया नई सर्विस
क्या है नई सर्विस?
जोमैटो के CEO दीपेन्द्र गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा करते हुए इस नई सर्विस के बारे में जानकारी दी है। दीपेन्द्र ने अपने पोस्ट के माध्यम से बताया है कि कैश-ऑन-डिलीवरी से संबंधित एक नए फीचर की शुरुआत की जा रही है। अब कस्टमर्स जोमैटो के डिलीवरी पार्टनर से मांग कर सकते हैं कि खुल्ले पैसे न होने पर वह बाकी का बैलेंस सीधा कस्टमर के जोमैटो मनी अकाउंट में ट्रान्सफर कर दें।
जोमैटो मनी का कहां होगा इस्तेमाल?
दरअसल बहुत से कस्टमर्स ने खुल्ले पैसों की वजह से सामने आने वाली दिक्कतों के बारे में शिकायत की थी जिस वजह से जोमैटो ने इस फीचर की शुरुआत की है। CEO दीपेन्द्र गोयल ने यह भी बताया कि जोमैटो मनी अकाउंट में जमा हुए पैसों का इस्तेमाल कस्टमर्स द्वारा बाद में किये जाने वाले ऑर्डर्स के लिए किया जा सकता है। दीपेन्द्र ने इस फीचर के लिए बिग-बास्केट (Big Basket) ऐप को प्रेरणा बताया है।
