Ayushman Card: आयुष्मान भारत योजना (PMJAY), भारत सरकार की एक प्रमुख स्वास्थ्य बीमा पहल है, जिसके तहत 5 लाख रुपये तक का इलाज फ्री कराया जा सकता है, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें तय की गई हैं। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों (बीपीएल धारक) को स्वास्थ्य बीमा मुहैया कराना है। यहां हम आपको इस योजना से संबंधित सभी जानकारी दे रहे हैं कि इस योजना का फायदा किसको मिलता है और कैसे आप आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। साथ ही यह भी जानेंगे कि किन लोगों को इस योजना का फायदा नहीं मिलता है।
पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड के जरिए हर साल 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है। (फोटो साभार-istock)
किसका बन सकता है आयुष्मान कार्ड
असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले, गरीब वर्ग के लोग, 70 वर्ष से अधिक उम्र वाले, और वे लोग जो किसी अन्य स्वास्थ्य योजना का लाभ नहीं ले रहे हैं, इस योजना के लिए पात्र हैं और आयुष्मान भारत योजना का लाभ लेने के लिए आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।
किसे नहीं मिलेगा लाभ
इस योजन में टैक्स भरने वाले, संगठित क्षेत्र में काम करने वाले, पीएफ या ईएसआईसी का लाभ लेने वाले और आर्थिक रूप से संपन्न लोग इस योजना के लिए योग्य नहीं हैं।
आयुष्मान कार्ड: क्या है फायदा
पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड के जरिए हर साल 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है। इलाज सिर्फ योजना में पंजीकृत अस्पतालों में ही कराया जा सकता है।
कैसे बनवाएं आयुष्मान कार्ड
आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आप अपने नजदीकी सीएससी सेंटर पर जा सकते हैं, जहां पात्रता जांच के बाद अधिकारी आपका कार्ड बनाते हैं। इसके अलावा, आप योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmjay.gov.in या मोबाइल एप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कार्ड बनते ही आप सूचीबद्ध अस्पतालों में मुफ्त इलाज का लाभ उठा सकते हैं।
आप आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं या नहीं ऐसे करें चेक
योजना के आधिकारिक पोर्टल https://beneficiary.nha.gov.in/ पर जाकर आप अपना नाम चेक कर सकते हैं कि आप आयुष्मान कार्ड के लिए पात्र हैं या नहीं। इन स्टेप्स को फॉलो करें।
- सबसे पहले योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://beneficiary.nha.gov.in/ पर जाएं।
- वहां "Am I Eligible" या "क्या मैं पात्र हूं?" ऑप्शन पर क्लिक करें।
- अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें और ओटीपी (OTP) वेरीफाई करें।
- उसके बाद अपनी जानकारी जैसे राज्य, जिला आदि भरें।
- अगर आपका नाम लिस्ट में है, तो आप आयुष्मान कार्ड के लिए पात्र हैं।
