Personal Loan Interest Rate: त्योहारी सीजन के करीब आने के साथ ही देश भर में खरीदारी की शुरुआत बड़े पैमाने पर शुरू हो जाती है। इस वजह से पर्सनल लोन में इजाफा देखने को मिलता है। लोग अपनी जरूरतों को पूरी करने के लिए पर्सनल लोन लेते हैं। देश के लगभग सभी बैंक पर्सनल लोन उपलब्ध कराते हैं। हालांकि, पर्सनल लोन की ब्याज दर अन्य लोन के मुकाबले काफी अधिक होती है। हाल ही में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गवर्नर शक्तिकांत दास ने बैंकों को पर्सनल लोन की बढ़ती कीमतों के प्रति सतर्क रहने के लिए आगाह किया है।
क्रेडिट स्कोर
हालांकि, पर्सनल लोन से खपत बढ़ती है अर्थव्यवस्था के लिए जरूरी भी मानी जाती है। रीपेमेंट कैपिसिटी और पिछले कर्ज के भुगतान के ट्रैक के अलावा बैंक आमतौर पर लोन मंजूर करने से पहले आवेदक का क्रेडिट स्कोर भी देखते हैं।
पंजाब नेशनल बैंक
पंजाब नेशनल बैंक (PNB), एसबीआई के बाद भारत का दूसरा सबसे बड़ा सरकारी बैंक है। बैंक 10.4 फीसदी से शुरू होने वाली दर के साथ पर्सनल लोन ऑफर करता है। 3 साल के लिए गए 2 लाख रुपये के लोन पर EMI 6,491 रुपये होगी।
एचडीएफसी बैंक
देश का सबसे बड़ा प्राइवेट बैंक एचडीएफसी बैंक 10.5 फीसदी से शुरू होने वाली ब्याज दर के साथ पर्सनल लोन ऑफर करता है। अगर तीन साल के लिए दो लाख रुपये का लोन लेते हैं, तो ईएमआई 6,500 रुपये से शुरू होगी।
इंडसइंड बैंक
इंडसइंड बैंक की पर्सनल लोन के लिए ब्याज दर 10.50 फीसदी से शुरू होती है। 3 साल के लिए 2 लाख रुपये के लोन पर सबसे कम ईएमआई 6,500 रुपये आएगी।
पंजाब एंड सिंध बैंक
पंजाब एंड सिंध बैंक पर्सनल लोन 10.75 फीसदी की दर से ऑफर करता है। यह शुरुआती ब्याज दर है। 3 साल में चुकाए जाने वाले 2 लाख रुपये के लोन के लिए, सबसे कम ईएमआई 6,524 रुपये होगी। आईसीआईसीआई बैंक की पर्सनल लोन की शुरुआती ब्याज दर 10.8 फीसदी है।
बैंक ऑफ इंडिया
बैंक ऑफ इंडिया पर्सनल लोन पर न्यूनतम 10.85 फीसदी की दर से ब्याज बसूलता है। 3 साल के लिए 2 लाख रुपये के लोन पर न्यूनतम EMI 6,533 रुपये है।
