यूटिलिटी

UPI 3.0: अब टीवी, वॉशिंग मशीन से भी कर सकेंगे यूपीआई पेमेंट, मोबाइल की जरूरत खत्म!

UPI 3.0 Features: आसान शब्दों में कहें तो, आने वाले समय में आपका फ्रिज दूध खत्म होने पर खुद ऑर्डर और पेमेंट कर देगा, और आपकी कार ईंधन भरवाते ही भुगतान पूरा कर देगी।

Image

UPI 3.0/Photo- Timesnow

नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) अपनी यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) को एक नए रूप में पेश करने की तैयारी कर रहा है। इस बड़े अपग्रेड को UPI 3.0 नाम दिया गया है, जो Internet of Things (IoT) आधारित होगा। इसके जरिए स्मार्ट डिवाइस अपने आप पेमेंट कर पाएंगे यानी अब आपको केवल स्मार्टफोन पर ही निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

कैसे करेगा काम?

UPI 3.0 मौजूदा फीचर्स जैसे UPI Autopay और UPI Circle पर आधारित होगा। इसमें IoT तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जो इंटरनेट से जुड़े सेंसर और सॉफ्टवेयर के जरिए डिवाइसों को आपस में जोड़ती है। इसका मतलब है कि स्मार्ट टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, कार और स्मार्टवॉच जैसे डिवाइस बिना इंसानी मदद के पेमेंट कर पाएंगे। उदाहरण के लिए, आप अपने स्मार्ट डिवाइस से सीधे मासिक सब्सक्रिप्शन ऑटोमेटिक रूप से भुगतान करवा सकेंगे। आसान शब्दों में कहें तो, आने वाले समय में आपका फ्रिज दूध खत्म होने पर खुद ऑर्डर और पेमेंट कर देगा, और आपकी कार ईंधन भरवाते ही भुगतान पूरा कर देगी।

लॉन्च कब होगा?

इस क्रांतिकारी अपग्रेड की आधिकारिक घोषणा अक्टूबर 2025 में मुंबई में होने वाले Global Fintech Fest के दौरान की जा सकती है। हालांकि इसके लिए नियामकीय मंजूरी का इंतजार है। सूत्रों के अनुसार, यूजर्स अपने मुख्य UPI डिवाइस से किसी स्मार्ट डिवाइस को एक मैंडेट जारी करेंगे। इससे एक सेकेंडरी UPI ID बनेगी, जो मुख्य खाते से जुड़ी होगी और कुछ तय सीमाओं के भीतर ही ट्रांज़ैक्शन करेगी।

सुरक्षा और प्राइवेसी

UPI 3.0 में डेटा सुरक्षा और अनधिकृत लेनदेन से बचाव के लिए NPCI विशेष उपाय कर रहा है। अलग-अलग डिवाइस के लिए अलग UPI ID होने से यह सुविधा न केवल आसान होगी बल्कि सुरक्षित भी होगी। बता दें कि वित्त वर्ष 2024-25 में UPI के जरिए 185.8 बिलियन ट्रांजैक्शन हुए, जो पिछले साल से 41.7% अधिक है। RBI की रिपोर्ट बताती है कि पिछले वर्ष भारत के खुदरा भुगतानों में से 83% लेनदेन UPI से किए गए। वैश्विक स्तर पर भी ऑटोनॉमस पेमेंट्स मार्केट 2024 से 2032 के बीच 40% से अधिक की दर से बढ़ने का अनुमान है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article