यूटिलिटी

18 साल के हो गए हैं? तुरंत बनवा लें वोटर आईडी, जानिए पूरी प्रक्रिया

यदि आप 18 साल के हैं और Voter List में आपका नाम नहीं है तो आपको तुरंत अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वा लेना चाहिए और यह काम आप घर बैठे ऑनलाइन कर सकते हैं। आइए प्रोसेस जानते हैं...

Image

18 साल के हो गए हैं? तुरंत बनवा लें वोटर आईडी, जानिए पूरी प्रक्रिया

भारत में समय-समय पर विभिन्न राज्यों में चुनाव होते रहते हैं और लोकतंत्र में मतदान का अधिकार नागरिकों के सबसे महत्वपूर्ण अधिकारों में से एक माना जाता है, हालांकि किसी भी चुनाव में वोट डालने के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज होना जरूरी है। यदि आपकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है और अभी तक आपका नाम वोटर लिस्ट में नहीं जुड़ा है और आपका वोटर कार्ड नहीं बना है, तो अब आप घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

ऑनलाइन आवेदन के लिए क्या करें?

नया वोटर कार्ड बनवाने के लिए सबसे पहले चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इसके लिए अपने मोबाइल फोन, टैबलेट या लैपटॉप में https://voters.eci.gov.in/ वेबसाइट खोलें। वेबसाइट पर पहुंचने के बाद मोबाइल नंबर की मदद से अपना अकाउंट बनाएं। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद ओटीपी के जरिए लॉगिन करें।

फॉर्म 6 भरकर करें पंजीकरण

लॉगिन करने के बाद वेबसाइट के बाईं ओर “नए मतदाता के रूप में पंजीकृत करें, फॉर्म 6 भरें” का विकल्प दिखाई देगा। इस पर क्लिक करते ही नया आवेदन फॉर्म खुल जाएगा। फॉर्म में अपना नाम, पता और अन्य आवश्यक व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करें।

इसके बाद अपनी पासपोर्ट साइज फोटो अपलोड करें। साथ ही परिवार के किसी ऐसे सदस्य का वोटर कार्ड नंबर दर्ज करना होगा, जिसका नाम पहले से मतदाता सूची में शामिल हो। पते के प्रमाण के रूप में आधार कार्ड या अन्य मान्य दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे।

आवेदन जमा करने के बाद क्या होगा?

सभी जानकारी भरने और दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन को एक बार अच्छी तरह जांच लें। यदि सभी विवरण सही हों तो फॉर्म सबमिट कर दें। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद आपको एक एप्लिकेशन आईडी मिलेगी। भविष्य में आवेदन की स्थिति जानने के लिए इस आईडी को सुरक्षित रखना जरूरी है।

करीब एक सप्ताह बाद आप इसी वेबसाइट पर जाकर अपने आवेदन का स्टेटस ट्रैक कर सकते हैं। आवेदन स्वीकृत होने के बाद डिजिटल वोटर कार्ड डाउनलोड किया जा सकता है। इसके कुछ समय बाद फिजिकल वोटर कार्ड भी डाक के माध्यम से आपके घर पहुंच जाएगा।

हिंदी भाषा में भी उपलब्ध है सुविधा

यदि आपको वेबसाइट का अंग्रेजी इंटरफेस समझने में परेशानी होती है, तो भाषा बदलने का विकल्प भी उपलब्ध है। वेबसाइट के दाईं ओर ऊपर दिए गए लैंग्वेज विकल्प पर क्लिक करके हिंदी भाषा का चयन किया जा सकता है, जिससे पूरी प्रक्रिया और भी आसान हो जाती है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article